क्या आप बहुत बो रहे हैं?
एक कहावत है: “जितना गुड़ डालोगे उतना ही मीठा होगा।” यह ख़ासकर हमारी उपासना में सही है। जितना अधिक समय और प्रयास हम सभाओं की तैयारी करने, राज्य संदेश का प्रचार करने, और हमारे भाइयों को प्रेम दिखाने में व्यतीत करते हैं, उतना ही अधिक हम आध्यात्मिक वृद्धि प्राप्त करेंगे। इसका विपरीत भी सही है। यदि हम परिश्रम करने की इच्छा नहीं रखते हैं या बेमन से कार्य करते हैं, तो क्या हम वास्तव में सन्तोषजनक परिणाम की प्रत्याशा कर सकते हैं?
२ प्रेरित पौलुस ने २ कुरिन्थियों ९:६ में यह सिद्धान्त भली भाँति बताया: “जो थोड़ा बोता है वह थोड़ा काटेगा भी; और जो बहुत बोता है, वह बहुत काटेगा।” क्या आप बहुत बो रहे हैं?
३ व्यक्तिगत बाइबल अध्ययन: फलदायक सेवक होने के लिए, हमें सबसे पहले अपने व्यक्तिगत अध्ययन में बहुत बोना होगा। हमें एक तीव्र आध्यात्मिक भूख होनी चाहिए। (भज. ११९:९७, १०५; मत्ती ५:३) हमारे ऊपर दैनिक जीवन की सारी ज़िम्मेदारियों का दबाव होने के कारण, अपनी आध्यात्मिक ज़रूरत के बारे में सही बोध विकसित करने के लिए जानकार प्रयास की ज़रूरत है। हम में से अधिकतर लोगों के लिए, यह माँग करता है कि ‘अवसर को बहुमोल समझें।’ (इफि. ५:१६) व्यक्तिगत अध्ययन करने के लिए कुछ लोग निश्चित दिनों पर ज़्यादा जल्दी उठने का प्रबन्ध करते हैं। दूसरों ने इस उद्देश्य के लिए कुछ शामें अलग रखी हैं। किस तरह हम बहुत काटते हैं? हमें ज़्यादा मज़बूत विश्वास, ज़्यादा स्पष्ट आशा, और ज़्यादा ख़ुशहाल तथा सकारात्मक मन:स्थिति मिलती है।—रोमि. १०:१७; १५:४; १ पत. १:१३.
४ कलीसिया सभाएँ: भजन १२२:१ में दाऊद ने कहा: “जब लोगों ने मुझ से कहा, कि हम यहोवा के भवन को चलें, तब मैं आनन्दित हुआ।” क्या आप भी ऐसा ही महसूस करते हैं? बहुत बोने का अर्थ है हमारी पाँच साप्ताहिक सभाओं में नियमित उपस्थिति। ठान लीजिए कि आप ख़राब मौसम को दख़ल देने नहीं देंगे। प्राय:, हम जितनी अधिक अड़चनों को पार करते हैं, उतनी ही अधिक आशीषें प्राप्त करते हैं।
५ अपने भाइयों के साथ प्रोत्साहक वार्तालाप में हिस्सा लेने के लिए जल्दी आइए और बाद में भी ठहरिए। जितना हो सके उतना अनेक अलग-अलग लोगों को शामिल करने के लिए अपनी संगति को विस्तृत कीजिए। प्रहरीदुर्ग अध्ययन और दूसरी सभाओं के लिए अच्छी तैयारी कीजिए ताकि अवसर मिलने पर टिप्पणी देने के द्वारा आप बहुत बो सकें। सभाओं में दूसरों को ‘उदारता से सींचने’ से आप भी ‘उदारता से सींचे’ जाएंगे।—नीति. ११:२५, NW.
६ क्षेत्र सेवकाई: संभवत: बहुत बोने का यह सिद्धान्त क्षेत्र सेवकाई से बढ़कर और कहीं उपयुक्त नहीं है। जितना अधिक समय हम इसमें लगाते हैं, उतना ही अधिक संभव है कि हम रुचिकर अनुभव, फलदायक पुन:भेंट, और उत्पादक बाइबल अध्ययन काटेंगे।
७ क्षेत्र सेवकाई में बहुत बोने में दर्जा साथ ही मात्रा भी सम्मिलित है। हमारी सेवकाई का दर्जा बेहतर बनाने में रीज़निंग पुस्तक एक अत्युत्तम सहायक है। दरवाज़ों पर रुचि जगाने में मदद के लिए पृष्ठ ९-१५ पर ४० से अधिक प्रस्तावनाएँ दी गई हैं जिनमें १८ विषय सम्मिलित हैं। यदि आपको रुचि मिलती है, तो निश्चय ही उसे नोट कीजिए ताकि आप लौट सकें और अपने बोने का फल काट सकें। आशा करते हैं कि आपका प्रयास बाइबल अध्ययन की ओर ले जाएगा, और आप किसी दूसरे को सिखा सकते हैं कि कैसे बहुत बोएँ।
८ यदि हम बहुत बोते हैं, तो हम यहोवा की ओर से अधिक आशीषों की प्रत्याशा कर सकते हैं।—मला. ३:१०.