प्रचार काम हमें आध्यात्मिक तौर पर मज़बूत रखता है
1. हमें प्रचार काम से क्या फायदे होते हैं?
हम प्रचार में खासकर इसलिए जाते हैं क्योंकि हम परमेश्वर का दिल खुश करना चाहते हैं। और “वचन का प्रचार” करने की आज्ञा मानने से हमें यहोवा से आशीषें मिलती हैं, साथ ही कई दूसरे तरीकों से भी फायदा होता है। (2 तीमु. 4:2; यशा. 48:17,18) जब हम प्रचार काम में पूरा-पूरा हिस्सा लेते हैं तो हम आध्यात्मिक तौर पर मज़बूत होते हैं और हमारी खुशी बढ़ती है। तो प्रचार काम कैसे हमें मज़बूत करता है और हमारी खुशी बढ़ाता है?
2. प्रचार काम किन तरीकों से हमें मज़बूत करता है?
2 हम मज़बूत होते और आशीष पाते हैं: प्रचार काम में हिस्सा लेने से हम अपनी आज की तकलीफों के बजाय, राज के ज़रिए मिलनेवाली आशीषों पर ध्यान दे पाते हैं। (2 कुरिं. 4:18) दूसरों को बाइबल की शिक्षाएँ समझाते वक्त, खुद हमारा यहोवा के वादों पर विश्वास मज़बूत होता है, साथ ही सच्चाई के लिए हमारी कदरदानी बढ़ती है। (यशा. 65:13,14) जब हम दूसरों को आध्यात्मिक तौर पर बढ़ने और ‘दुनिया का [हिस्सा] न’ होने में मदद देते हैं, तो हम भी इस दुनिया से अलग रहने के अपने इरादे को और पक्का कर पाते हैं।—यूह. 17:14,16; रोमि. 12:2.
3. प्रचार काम से कैसे हमें मसीही गुण बढ़ाने में मदद मिलती है?
3 प्रचार में हिस्सा लेने के ज़रिए हम अपने अंदर मसीही गुण बढ़ा पाते हैं। मिसाल के लिए, जब हम “सब किस्म के लोगों के लिए सबकुछ” बनते हैं, तो इससे हममें नम्रता पैदा होती है। (1 कुरिं. 9:19-23) जब हम उन लोगों से बात करते हैं, जो ‘उन भेड़ों की तरह हैं जिनकी खाल खींच ली गयी है और जिन्हें बिन चरवाहे के यहाँ-वहाँ भटकने के लिए छोड़ दिया गया है,’ तो हम उनके दर्द को महसूस करते और समझते हैं। (मत्ती 9:36) इसके अलावा, विरोध और बेरुखी के बावजूद प्रचार में लगे रहने से हम धीरज का गुण दिखाना सीखते हैं। इस तरह दूसरों की खातिर खुद को लगा देने से हमारी खुशी बढ़ती है।—प्रेषि. 20:35.
4. प्रचार काम के बारे में आप कैसा महसूस करते हैं?
4 सचमुच, प्रचार काम हमारे लिए क्या ही आशीष है! इससे उस हस्ती की महिमा होती है, जो हमारी उपासना का हकदार है। इससे हम आध्यात्मिक तौर पर मज़बूत होते हैं। और जो लोग “खुशखबरी की अच्छी गवाही” देने के लिए खुद को पूरी तरह लगा देते हैं, उन्हें बेशुमार आशीषें मिलती हैं।—प्रेषि. 20:24.