बाइबल अध्ययन ढूँढ़ने के पाँच तरीके
1. अगर हमारे इलाके में बाइबल अध्ययन ढूँढ़ना मुश्किल है तो हमें क्या करना चाहिए और क्यों?
क्या एक बाइबल अध्ययन ढूँढ़ना आपको मुश्किल लगता है? अगर हाँ तो निराश मत होइए, कोशिश करते रहिए। यहोवा उन लोगों को आशीष देता है जो उसकी मरज़ी पूरी करने में हार नहीं मानते। (गला. 6:9) बाइबल अध्ययन ढूँढ़ने के लिए आगे पाँच सुझाव दिए गए हैं।
2. किन मौकों पर हम अध्ययन के लिए सीधे-सीधे लोगों से पूछ सकते हैं?
2 लोगों से सीधे पूछिए: बहुत-से लोग जानते हैं कि हम प्रहरीदुर्ग और सजग होइए! पत्रिकाएँ देते हैं, लेकिन वे शायद यह नहीं जानते कि हम बाइबल अध्ययन की पेशकश भी रखते हैं। क्यों न घर-घर के प्रचार में लोगों के सामने सीधे बाइबल अध्ययन की पेशकश रखें? इसके अलावा जिन दिलचस्पी दिखानेवालों से आप मिलते हैं उनसे भी आप पूछ सकते हैं कि क्या वे बाइबल अध्ययन करना चाहते हैं। अगर वे मना कर देते हैं तो आप उन्हें हमारा साहित्य देना जारी रख सकते हैं और उनकी दिलचस्पी बढ़ा सकते हैं। एक भाई कई सालों तक एक शादीशुदा जोड़े को नियमित तौर पर पत्रिकाएँ देता रहा। एक बार उन्हें हाल की पत्रिकाएँ देकर भाई जा ही रहा था कि उसने रुककर कुछ सोचा और फिर उनसे पूछा: “क्या आप बाइबल अध्ययन करना चाहेंगे?” हैरानी की बात है कि वे राज़ी हो गए। अब ये पति-पत्नी बपतिस्मा-शुदा हैं।
3. क्या हमें यह मान लेना चाहिए कि दिलचस्पी दिखानेवाला हर कोई, जिसे हम सभाओं में देखते हैं, बाइबल अध्ययन कर रहा है? समझाइए।
3 सभाओं में आनेवाले दिलचस्पी दिखानेवालों से पूछिए: यह मत मान बैठिए कि जिन दिलचस्पी दिखानेवालों को आप मंडली की सभाओं में देखते हैं वे पहले से ही बाइबल अध्ययन कर रहे हैं। एक भाई बताता है: “मैं सभाओं में आनेवाले दिलचस्पी दिखानेवालों से पूछता कि क्या वे बाइबल अध्ययन कर रहे हैं, अगर नहीं तो क्या वे करना चाहेंगे। इस तरह मुझे आधे से ज़्यादा बाइबल अध्ययन मिले।” एक बहन ने एक ऐसी औरत से बात की जो स्वभाव से शर्मीली है और जिसकी बपतिस्मा-शुदा बेटियाँ मंडली की सदस्य हैं। यह औरत पिछले 15 सालों से सभाओं में आ रही थी और हमेशा सभा शुरू होने से ठीक पहले ही राज-घर में आती थी और सभा खत्म होते ही चली जाती थी। जब बहन ने उससे अध्ययन के लिए पूछा तो वह राज़ी हो गयी और कुछ समय बाद सच्चाई में आ गयी। बहन लिखती है: “मुझे अफसोस है कि मैंने 15 साल पहले उससे क्यों नहीं पूछा कि क्या वह अध्ययन करना चाहेगी!”
4. हम बाइबल विद्यार्थी, प्रचारकों और पायनियरों की मदद से बाइबल अध्ययन कैसे ढूँढ़ सकते हैं?
4 बाइबल विद्यार्थी, प्रचारकों और पायनियरों से पूछिए: एक बहन दूसरे प्रचारकों के साथ उनके बाइबल अध्ययन पर जाती है। अध्ययन खत्म होने के बाद वह, अध्ययन चलानेवाली बहन की इजाज़त लेकर विद्यार्थी से पूछती है कि क्या वह ऐसे लोगों को जानती है जो बाइबल अध्ययन करने में दिलचस्पी रखते हैं। वापसी भेंट में किसी को बाइबल सिखाती है किताब पेश करते वक्त आप उससे पूछ सकते हैं: “क्या आप किसी और को जानते हैं जो यह किताब पढ़ना पसंद करेगा?” कभी-कभी प्रचारक और पायनियर किसी दिलचस्पी दिखानेवाले के साथ अध्ययन नहीं चला पाते। इसलिए दूसरों को बताइए कि अगर वे आपको कोई बाइबल अध्ययन देना चाहते हैं, तो आपको वह अध्ययन चलाने में खुशी होगी।
5. क्यों हमें भाई-बहनों के अविश्वासी साथी से बाइबल अध्ययन के लिए पूछना चाहिए?
5 अविश्वासी साथी से पूछिए: क्या आपकी मंडली में ऐसे प्रचारक हैं जिनका जीवन-साथी सच्चाई में नहीं है? कुछ अविश्वासी साथी अपने मसीही पति या पत्नी से बाइबल पर चर्चा करने से इनकार करते हैं, लेकिन अगर कोई दूसरा भाई-बहन उन्हें अध्ययन करने का न्यौता दे तो शायद वे कबूल कर लें। ऐसा करने से पहले अच्छा होगा कि आप उनके मसीही पति या पत्नी से सलाह-मशविरा कर लें ताकि आप तय कर सकें कि अध्ययन के लिए पूछने का सबसे बढ़िया तरीका क्या होगा।
6. बाइबल अध्ययन पाने के लिए प्रार्थना करना क्यों ज़रूरी है?
6 प्रार्थना: प्रार्थना में जो ताकत होती है, उसे कम मत आँकिए। (याकू. 5:16) यहोवा हमसे वादा करता है कि अगर हम उसकी मरज़ी के मुताबिक गुज़ारिश करें तो वह हमारी सुनेगा। (1 यूह. 5:14) एक भाई जो बहुत व्यस्त रहता था, वह एक बाइबल अध्ययन के लिए प्रार्थना करने लगा। इस भाई की पत्नी सोच रही थी कि क्या भाई अपने विद्यार्थी को समय दे पाएगा, खासकर तब जब विद्यार्थी कई मुश्किलों से घिरा हो। इसलिए बहन ने इस बारे में यहोवा से प्रार्थना की। इसके दो हफ्ते बाद ही उनकी प्रार्थनाएँ सुन ली गयीं। उनकी मंडली की एक पायनियर बहन को एक आदमी मिला जो अध्ययन करना चाहता था और बहन ने यह अध्ययन इस भाई को दे दिया। भाई की पत्नी लिखती है: “जिस किसी को लगता है कि बाइबल अध्ययन चलाना उसके बस की बात नहीं, उससे मैं यही कहना चाहूँगी कि आप खुलकर इस बारे में प्रार्थना कीजिए, प्रार्थना करना मत छोड़िए। हमें इतनी खुशी मिली है जिसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी।” जब आप प्रार्थना में लगे रहेंगे, तो आपको भी एक बाइबल अध्ययन ज़रूर मिलेगा। यही नहीं, जब आप दूसरों को उस रास्ते पर चलने में मदद देंगे “जो जीवन की तरफ ले जाता है,” तो आपको बेहद खुशी मिलेगी।—मत्ती 7:13, 14.