प्रकाश-कौंधें—ज़्यादा और कम (भाग एक)
“धर्मियों की चाल उस चमकती हुई ज्योति के समान है, जिसका प्रकाश दोपहर तक अधिक अधिक बढ़ता रहता है।”—नीतिवचन ४:१८.
१. सत्य क्यों आहिस्ता-आहिस्ता प्रकट किया गया है?
यह ईश्वरीय बुद्धि का सबूत है कि नीतिवचन ४:१८ के सामंजस्य में, आध्यात्मिक सत्य का प्रकटन आहिस्ता-आहिस्ता प्रकाश-कौंधों के ज़रिए हुआ है। पिछले लेख में, हमने देखा था कि प्रेरितिक समयों में यह पाठ पूरा कैसे हुआ। यदि समस्त शास्त्रीय सत्य एक बार में ही प्रकट कर दिया गया होता, तो वह दोनों, चौंधिया देनेवाला और उलझन में डालनेवाला होता—ठीक वही प्रभाव जो एक अंधेरी गुफा से निकलकर तेज़ धूप में आने पर होता है। इसके अतिरिक्त, आहिस्ता-आहिस्ता प्रकट किया गया सत्य मसीहियों के विश्वास को सतत रूप से मज़बूत करता है। यह उनकी आशा को पहले से भी ज़्यादा उज्ज्वल करता है और जिस मार्ग पर उन्हें चलना है उसे पहले से भी ज़्यादा स्पष्ट करता है।
“विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास”
२. यीशु ने सूचित किया कि वह अपने अनुयायियों तक आध्यात्मिक प्रकाश लाने में किसे इस्तेमाल करता, और वह माध्यम किन लोगों से बना है?
२ प्रेरितिक समयों में यीशु मसीह ने अपने अनुयायियों को प्रकाश की सबसे पहली कौंध देने के लिए अलौकिक माध्यमों को इस्तेमाल करना ठीक समझा। हमारे पास इसके दो उदाहरण हैं: सा.यु. ३३ का पिन्तेकुस्त, और सा.यु. ३६ में कुरनेलियुस का धर्म-परिवर्तन। बाद में, मसीह ने मानवी माध्यम को इस्तेमाल करना ठीक समझा, जैसे कि उसने पूर्वबताया: “वह विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास कौन है, जिसे स्वामी ने अपने नौकर चाकरों पर सरदार ठहराया, कि समय पर उन्हें भोजन दे? धन्य है, वह दास, जिसे उसका स्वामी आकर ऐसा ही करते पाए। मैं तुम से सच कहता हूं; वह उसे अपनी सारी संपत्ति पर सरदार ठहराएगा।” (मत्ती २४:४५-४७) यह दास केवल एक व्यक्ति नहीं हो सकता क्योंकि इसे तब से आध्यात्मिक भोजन प्रदान करना था जब से पिन्तेकुस्त के दिन मसीही कलीसिया शुरू हुई, और तब तक करना था जब तक स्वामी, अर्थात् यीशु मसीह लेखा लेने के लिए न आए। तथ्य सूचित करते हैं कि यह विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास वर्ग पृथ्वी पर किसी भी निश्चित समय पर सब अभिषिक्त मसीहियों को एक समूह के तौर पर समाविष्ट करता है।
३. दास वर्ग के पहले सदस्यों में कौन सम्मिलित थे?
३ विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास वर्ग के पहले सदस्यों में कौन सम्मिलित थे? प्रेरित पतरस एक था, जिसने यीशु के आदेश: “मेरी भेड़ों को चरा,” का पालन किया। (यूहन्ना २१:१७) मत्ती, जिसने अपने नाम की सुसमाचार-पुस्तक लिखी, और पौलुस, याकूब, और यहूदा, जिन्होंने उत्प्रेरित पत्रियों को लिखा, दास वर्ग के अन्य प्रारंभिक सदस्यों में सम्मिलित थे। प्रेरित यूहन्ना, जिसने प्रकाशितवाक्य की पुस्तक, अपनी सुसमाचार-पुस्तक, और अपनी पत्रियों को लिखा, विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास वर्ग का एक सदस्य भी था। इन मनुष्यों ने यीशु की नियुक्ति के अनुसार बाइबल की पुस्तकें लिखीं।
४. ‘नौकर चाकर’ कौन हैं?
४ यदि समूह के रूप में सभी अभिषिक्त जन, चाहे वे पृथ्वी पर कहीं भी क्यों न रहते हों, दास वर्ग के सदस्य हैं, तो ‘नौकर चाकर’ कौन हैं? ये वही अभिषिक्त जन हैं जिन्हें एक भिन्न दृष्टिकोण से—व्यक्तियों के रूप में—देखा गया है। जी हाँ, आध्यात्मिक भोजन देने या उसमें भागीदार होने पर निर्भर करते हुए, वे व्यक्तियों के रूप में या तो “दास” वर्ग के होते या ‘नौकर चाकर’ होते। उदाहरण के लिए: जैसे २ पतरस ३:१५, १६ में अभिलिखित है, प्रेरित पतरस पौलुस की पत्रियों का उल्लेख करता है। उन्हें पढ़ते वक़्त, पतरस नौकर चाकरों में से एक होता, जो दास वर्ग के एक प्रतिनिधि के तौर पर पौलुस द्वारा प्रदान किए गए आध्यात्मिक भोजन से पोषित हो रहा है।
५. (क) प्रेरितों के बाद की शताब्दियों के दौरान दास को क्या हुआ? (ख) उन्नींसवीं शताब्दी के परवर्ती भाग में कौन-से विकास हुए?
५ इस सम्बन्ध में, हज़ार साल का परमेश्वर का राज्य आ पहुँचा है (अंग्रेज़ी) पुस्तक ने कहा: “स्वामी यीशु मसीह के प्रेरितों की मृत्यु के बाद शताब्दियों तक ‘विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास’ वर्ग कैसे अस्तित्व में रहा और कार्य करता रहा, इसके बारे में हमारे पास एक विशिष्ट ऐतिहासिक अभिलेख नहीं है। स्पष्टतया ‘दास’ वर्ग की एक पीढ़ी अगली अनुवर्ती पीढ़ी को पोषित करती थी। (२ तीमुथियुस २:२) लेकिन उन्नीसवीं शताब्दी के परवर्त्ती भाग में परमेश्वर का भय माननेवाले ऐसे व्यक्ति थे जो पवित्र बाइबल के आध्यात्मिक भोजन से प्रेम करते थे और जो उस से पोषित होने की इच्छा करते थे . . . बाइबल अध्ययन कक्षाएँ . . . बनायी गयीं और इन्होंने पवित्र शास्त्र की मूल सच्चाइयों की समझ में प्रगति की। इन बाइबल विद्यार्थियों में निष्कपट, निःस्वार्थ जन आध्यात्मिक भोजन के इन अत्यावश्यक भागों को दूसरों के साथ बाँटने के लिए लालायित थे। उनमें ‘दास’ की विश्वासी आत्मा थी जिसे ‘नौकर चाकरों’ को सही ‘समय पर’ आवश्यक आध्यात्मिक ‘भोजन’ देने के लिए नियुक्त किया गया था। वे यह समझने में ‘बुद्धिमान’ थे कि सही और उचित समय तब था तथा भोजन को परोसने के लिए सर्वोत्तम साधन क्या थे। उन्होंने उसे परोसने का प्रयास किया।”—पृष्ठ ३४४-५.a
आधुनिक समयों में प्रारंभिक प्रकाश-कौंधें
६. सत्य के क्रमिक प्रकटन के सम्बन्ध में कौन-सा तथ्य सुस्पष्ट रूप से दिखाई देता है?
६ एक तथ्य जो उन लोगों के सम्बन्ध में सुस्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जिन्हें यहोवा ने आध्यात्मिक प्रकाश की इस क्रमिक बढ़ोतरी को लाने के लिए इस्तेमाल किया है, यह है कि उन्होंने स्वंय कोई भी श्रेय नहीं लिया। वॉच टावर संस्था के पहले अध्यक्ष, सी. टी. रस्सल की मनोवृत्ति यह थी कि प्रभु उनकी साधारण क्षमताओं का प्रयोग करने में प्रसन्न था। ऐसे उपनामों के बारे में जिनका प्रयोग करने के लिए उसके दुश्मन प्रवृत्त थे, भाई रस्सल ने स्पष्ट रूप से बता दिया कि उसने कभी किसी “रस्सलाईट” से मुलाक़ात नहीं की थी और कि “रस्सलिस्म” जैसी कोई चीज़ नहीं थी। सारा श्रेय परमेश्वर को गया।
७. भाई रस्सल और उसके साथ काम करनेवालों ने क्या प्रमाण दिया कि वे वाक़ई विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास से सम्बद्ध हैं?
७ परिणाम को देखने पर, इसमें कोई शंका नहीं हो सकती कि यहोवा की पवित्र आत्मा भाई रस्सल और उससे सम्बद्ध उसके साथियों के प्रयासों को निर्दिष्ट कर रही थी। उन लोगों ने विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास के साथ सम्बद्ध होने का प्रमाण दिया। हालाँकि उस समय के अनेक पादरियों ने यह विश्वास करने का दावा किया कि बाइबल परमेश्वर का उत्प्रेरित वचन है और कि यीशु परमेश्वर का पुत्र है, उन्होंने त्रियेक, मानव प्राण के अमरत्व और अनन्त यातना जैसे झूठे, बाबुल के सिद्धान्तों का समर्थन किया। यीशु की प्रतिज्ञा के सामंजस्य में, इसका श्रेय सचमुच पवित्र आत्मा को दिया जाना चाहिए कि भाई रस्सल और उसके साथियों के विनीत प्रयासों के कारण सत्य पहले से कहीं ज़्यादा चमका। (यूहन्ना १६:१३) उन अभिषिक्त बाइबल विद्यार्थियों ने प्रमाण दिया कि वे वाक़ई विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास वर्ग का भाग हैं, जिनकी नियुक्ति स्वामी के नौकर चाकरों को आध्यात्मिक भोजन प्रदान करना है। अभिषिक्त जनों को इकट्ठा करने में उनके प्रयास बड़े सहायक थे।
८. यहोवा, बाइबल, यीशु मसीह, और पवित्र आत्मा के बारे में कौन-से मूलभूत तथ्यों को बाइबल विद्यार्थियों ने स्पष्ट रूप से समझा?
८ यह देखना उल्लेखनीय है कि यहोवा ने पवित्र आत्मा के ज़रिए कितना अधिक इन प्रारंभिक बाइबल विद्यार्थियों पर प्रकाश-कौंध से अनुग्रह किया है। सबसे पहले, उन्होंने दृढ़तापूर्वक स्थापित किया कि सृष्टिकर्ता अस्तित्व में है और कि उसका एक बेजोड़ नाम है यहोवा। (भजन ८३:१८; रोमियों १:२०) उन्होंने देखा कि यहोवा के चार मूलभूत गुण हैं—शक्ति, न्याय, बुद्धि, और प्रेम। (उत्पत्ति १७:१; व्यवस्थाविवरण ३२:४; रोमियों ११:३३; १ यूहन्ना ४:८) इन अभिषिक्त मसीहियों ने स्पष्ट रूप से स्थापित किया कि बाइबल परमेश्वर का उत्प्रेरित वचन है और सत्य है। (यूहन्ना १७:१७; २ तीमुथियुस ३:१६, १७) इसके अतिरिक्त, उन्होंने विश्वास किया कि परमेश्वर का पुत्र, यीशु मसीह सृष्ट किया गया था और कि उसने अपना जीवन सारी मानवजाति के लिए छुड़ौती के रूप में दे दिया। (मत्ती २०:२८; कुलुस्सियों १:१५) ऐसा देखा गया कि पवित्र आत्मा परमेश्वर की सक्रिय शक्ति है, न कि त्रियेक का तीसरा व्यक्ति।—प्रेरितों २:१७.
९. (क) बाइबल विद्यार्थियों ने पाप के कारण मनुष्य के स्वभाव और बाइबल में दी गयी प्रत्याशाओं के बारे में कौन-से सत्य को स्पष्ट रूप से समझा? (ख) यहोवा के सेवकों ने और कौन-सी अन्य सच्चाइयों को स्पष्ट रूप से देखा?
९ बाइबल विद्यार्थियों ने स्पष्ट रूप से देखा कि मनुष्य में एक अमर प्राण नहीं है बल्कि वह ख़ुद एक मरणशील प्राण है। उन्होंने समझा कि “पाप की मजदूरी तो मृत्यु है,” अनन्त यातना नहीं और जलते हुए नरक जैसी कोई जगह नहीं है। (रोमियों ५:१२; ६:२३; उत्पत्ति २:७; यहेजकेल १८:४) इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्पष्ट रूप से देखा कि विकासवाद न केवल ग़ैर-शास्त्रीय है बल्कि पूर्ण रूप से बिना वास्तविक आधार के है। (उत्पत्ति, अध्याय १ और २) उन्होंने यह भी समझा कि बाइबल दो प्रत्याशाएँ प्रस्तुत करती है—मसीह के १,४४,००० अभिषिक्त पदचिन्ह अनुयायियों के लिए एक स्वर्गीय प्रत्याशा और ‘अन्य भेड़ों’ की एक अनगिनत “बड़ी भीड़” के लिए एक परादीस पृथ्वी। (प्रकाशितवाक्य ७:९; १४:१; यूहन्ना १०:१६, NW) उन प्रारंभिक बाइबल विद्यार्थियों ने समझा कि पृथ्वी सर्वदा के लिए बनी रहेगी और जलाई नहीं जाएगी, जैसा कि अनेक धर्मों द्वारा सिखाया जाता है। (सभोपदेशक १:४; लूका २३:४३) उन्होंने यह भी सीखा कि मसीह की वापसी अदृश्य होगी और कि वह तब राष्ट्रों पर न्याय कार्यान्वित करेगा और एक पार्थिव परादीस की शुरूआत करेगा।—प्रेरितों १०:४२; रोमियों ८:१९-२१; १ पतरस ३:१८.
१०. बपतिस्मा, पादरी-अयाजक वर्ग भिन्नता, और मसीह की मृत्यु के स्मारक के बारे में बाइबल विद्यार्थियों ने कौन-सी सच्चाइयाँ सीखीं?
१० बाइबल विद्यार्थियों ने सीखा कि शास्त्रीय बपतिस्मा शिशुओं पर पानी छिड़कना नहीं है बल्कि मत्ती २८:१९, २० में दिए गए यीशु के आदेशानुसार, यह ऐसे विश्वासियों का निमज्जन है, जिन्हें सिखाया गया है। उन्होंने यह देखा कि पादरी-अयाजक वर्ग की भिन्नता के लिए कोई शास्त्रीय आधार नहीं है। (मत्ती २३:८-१०) इसकी विषमता में, सभी मसीहियों को सुसमाचार के प्रचारक होना है। (प्रेरितों १:८) बाइबल विद्यार्थियों ने समझा कि मसीह की मृत्यु के स्मारक को निसान १४ के दिन, हर साल केवल एक बार मनाया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने देखा कि ईस्टर एक विधर्मी त्योहार है। इसके अतिरिक्त, वे अभिषिक्त जन इतने आश्वस्त थे कि परमेश्वर उनके कार्य का समर्थन कर रहा था कि उन्होंने कभी चन्दा इकट्ठा नहीं किया। (मत्ती १०:८) प्रारंभिक समयों से, उन्होंने समझा कि मसीहियों को बाइबल सिद्धान्तों के अनुसार जीना ज़रूरी है, जिसमें परमेश्वर की पवित्र आत्मा के फल विकसित करना सम्मिलित है।—गलतियों ५:२२, २३.
प्रकाश की बढ़ती कौंधें
११. मसीही कि नियुक्ति पर तथा भेड़ और बकरियों के दृष्टान्त पर कौन-सा प्रकाश चमका?
११ विशेषकर १९१९ से यहोवा के सेवकों को प्रकाश की बढ़ती कौंधों की आशिष मिली है। वर्ष १९२२ में सीडर पॉइंट अधिवेशन में क्या ही तेज़ प्रकाश-कौंध चमकी, जब वॉच टावर संस्था के दूसरे अध्यक्ष, जे. एफ़. रदरफर्ड ने अत्यधिक रूप से ज़ोर दिया कि यहोवा के सेवकों की मुख्य बाध्यता है ‘राजा और उसके राज्य की घोषणा करना, घोषणा करना, घोषणा करना’! उसके ठीक अगले साल, भेड़ और बकरियों के दृष्टान्त पर तेज़ प्रकाश चमका। यह देखा गया कि इस भविष्यवाणी की पूर्ति वर्तमान प्रभु के दिन में होनी थी, न कि भविष्य में सहस्राब्दि के दौरान जैसा कि पहले सोचा गया था। सहस्राब्दि के दौरान, मसीह के भाई बीमार नहीं होंगे, न ही वे क़ैद किए जाएँगे। इसके अलावा, सहस्राब्दि के अन्त में, यहोवा परमेश्वर, न कि यीशु मसीह, न्याय करेगा।—मत्ती २५:३१-४६.
१२. अरमगिदोन के बारे में कौन-सी प्रकाश-कौंध थी?
१२ वर्ष १९२६ में एक और चमकदार प्रकाश-कौंध ने प्रकट किया कि अरमगिदोन के युद्ध को एक सामाजिक क्रांति नहीं होना था, जैसा कि बाइबल विद्यार्थियों ने कभी सोचा था। इसके बजाय, यह एक ऐसा युद्ध होगा जिसमें यहोवा अपनी शक्ति को इतने स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेगा कि सब लोग क़ायल हो जाएँगे कि वह परमेश्वर है।—प्रकाशितवाक्य १६:१४-१६; १९:१७-२१.
बड़ा-दिन—एक विधर्मी त्योहार
१३. (क) बड़े-दिन के उत्सव पर क्या प्रकाश डाला गया था? (ख) जन्मदिन मनाना क्यों बन्द कर दिया गया? (फुटनोट सम्मिलित कीजिए।)
१३ उसके कुछ समय पश्चात्, एक प्रकाश-कौंध के कारण बाइबल विद्यार्थियों ने बड़ा-दिन (क्रिसमस) मनाना बन्द कर दिया। उस समय से पहले विश्वभर में बाइबल विद्यार्थियों द्वारा बड़ा-दिन हमेशा मनाया जाता था, और ब्रुकलिन मुख्यालय में इसका उत्सव बहुत आनन्दमय अवसर होता था। लेकिन यह तब समझा गया कि दिसम्बर २५ को मनाना वास्तव में विधर्मी था और धर्मत्यागी मसीहीजगत द्वारा चुना गया था ताकि विधर्मियों को धर्म-परिवर्तित करना आसान हो। इसके अतिरिक्त, यह पाया गया था कि यीशु जाड़े में पैदा नहीं हो सकता था, चूँकि उसके जन्म के वक़्त, चरवाहे खेत में अपने झुण्ड को चरा रहे थे—एक ऐसा काम जो वे दिसम्बर के अन्त में रात को नहीं कर रहे होते। (लूका २:८) इसके बजाय, शास्त्र सूचित करते हैं कि यीशु लगभग अक्तूबर १ को पैदा हुआ था। बाइबल विद्यार्थियों ने यह भी समझा कि जो तथा-कथित बुद्धिमान मनुष्य यीशु के जन्म के लगभग दो साल बाद उससे भेंट करने आए थे, वे विधर्मी मजूसी थे।b
एक नया नाम
१४. ‘बाइबल विद्यार्थी’ नाम यहोवा के लोगों का उचित रूप से प्रतिनिधित्व क्यों नहीं कर रहा था?
१४ वर्ष १९३१ में सत्य की एक तेज़ कौंध ने उन बाइबल विद्यार्थियों पर एक उचित शास्त्रीय नाम प्रकट किया। यहोवा के लोग समझ चुके थे कि वे कोई दूसरा उपनाम नहीं स्वीकार सकते थे जो दूसरों ने उन्हें दिया था, जैसे कि रस्सलाईट, मिल्लेनियल डॉनिस्टस्, और “नो हॆल्लर्स्।”c लेकिन वे यह ख़ुद भी समझने लगे कि जो नाम उन्होंने ख़ुद ले लिया था—अन्तर्राष्ट्रीय बाइबल विद्यार्थी—वह उनका उचित रूप से प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा था। वे मात्र बाइबल विद्यार्थियों से कहीं ज़्यादा थे। इसके अलावा, कितने अन्य लोग थे जो बाइबल के विद्यार्थी थे लेकिन बाइबल विद्यार्थियों के समान बिलकुल भी न थे।
१५. वर्ष १९३१ में बाइबल विद्यार्थियों ने कौन-सा नाम अपनाया, और यह क्यों उपयुक्त है?
१५ बाइबल विद्यार्थियों को एक नया नाम कैसे मिला? कई सालों से द वॉच टावर यहोवा के नाम को विशिष्ट करती आई थी। इसलिए, यह सबसे उपयुक्त था कि बाइबल विद्यार्थी उस नाम को अपनाएँ जो यशायाह ४३:१० में पाया जाता है: “यहोवा की वाणी है कि तुम मेरे साक्षी हो और मेरे दास हो, जिन्हें मैं ने इसलिये चुना है कि समझकर मेरी प्रतीति करो और यह जान लो कि मैं वही हूं। मुझ से पहिले कोई ईश्वर न हुआ और न मेरे बाद भी कोई होगा।”
दोषनिवारण और “बड़ी भीड़”
१६. पुनःस्थापना की भविष्यवाणियाँ पैलिस्टाइन को शारीरिक यहूदियों की वापसी पर क्यों लागू नहीं हो सकतीं, लेकिन वे किन पर लागू होती हैं?
१६ वर्ष १९३२ में वॉच टावर संस्था द्वारा प्रकाशित दोषनिवारण के दूसरे खण्ड में, एक प्रकाश-कौंध ने प्रकट किया कि यशायाह, यिर्मयाह, यहेजकेल, और अन्य भविष्यवक्ताओं द्वारा अभिलिखित पुनःस्थापना की भविष्यवाणियाँ शारीरिक यहूदियों पर लागू नहीं होतीं (जैसे पहले सोचा गया था), जो पैलिस्टाइन को अविश्वास में और राजनैतिक अभिप्रेरणाओं के साथ लौट रहे थे। इसके बजाय, पुनःस्थापना की इन भविष्यवाणियों की एक छोटी पूर्ति तब हुई थी जब सा.यु.पू. ५३७ में यहूदी बाबुल की बन्धुआई से लौटे। इनकी महान पूर्ति आध्यात्मिक इस्राएल की रिहाई और १९१९ से होनेवाली पुनःस्थापना में और इसके परिणामस्वरूप आध्यात्मिक परादीस की समृद्धि में हुई जिसका आनन्द आज यहोवा के सच्चे सेवक उठा रहे हैं।
१७, १८. (क) समय आने पर, एक प्रकाश-कौंध के ज़रिए किस बात को यहोवा का मुख्य उद्देश्य दिखाया गया? (ख) वर्ष १९३५ में प्रकाशितवाक्य ७:९-१७ के बारे में कौन-सी प्रकाश-कौंध हुई?
१७ समय आने पर, प्रकाश-कौंधों ने प्रकट किया कि यहोवा का मुख्य उद्देश्य प्राणियों का उद्धार नहीं, बल्कि अपनी सर्वसत्ता का दोषनिवारण करना था। ऐसा देखा गया कि बाइबल का सबसे महत्त्वपूर्ण विषय छुड़ौती नहीं बल्कि राज्य था, क्योंकि यह यहोवा की सर्वसत्ता का दोषनिवारण करेगा। वह क्या ही प्रकाश-कौंध थी! समर्पित मसीही ख़ुद स्वर्ग जाने के लिए अब और मुख्यतः चिन्तित नहीं थे।
१८ वर्ष १९३५ में प्रकाश की एक तेज़ कौंध ने प्रकट किया कि प्रकाशितवाक्य ७:९-१७ में उल्लिखित बड़ी भीड़ एक द्वितीय स्वर्गीय वर्ग नहीं था। ऐसा सोचा गया था कि उन आयतों में उल्लेख किए गए जन, अभिषिक्त जनों में से कुछ लोग थे जो पूरी तरह से विश्वासी नहीं रहे थे और इसलिए यीशु मसीह के साथ राजा और याजक के रूप में शासन करते हुए सिंहासनों पर बैठने के बजाय सिंहासन के सामने खड़े थे। लेकिन अंशतः विश्वासी रहने की धारणा वास्तविक नहीं है। एक व्यक्ति या तो विश्वासी हो सकता है या अविश्वासी। सो यह देखा गया कि इस भविष्यवाणी ने सब राष्ट्रों से उस अनगिनत बड़ी भीड़ का ज़िक्र किया जिन्हें अब इकट्ठा किया जा रहा है और जिनकी आशा पार्थिव है। वे मत्ती २५:३१-४६ की ‘भेड़’ हैं और यूहन्ना १०:१६ (NW) की “अन्य भेड़ें।”
क्रूस—एक मसीही प्रतीक नहीं
१९, २०. क्रूस सच्ची मसीहियत का प्रतीक क्यों नहीं हो सकता?
१९ अनेक सालों तक बाइबल विद्यार्थियों ने क्रूस को मसीहियत के प्रतीक के रूप में प्रमुख बनाया। यहाँ तक कि उनके पास एक “क्रॉस-एण्ड-क्रॉउन” पिन था। हिन्दी बाइबल के अनुसार यीशु ने अपने अनुयायियों को अपना “क्रूस” उठाने के लिए कहा, और अनेक लोग यह विश्वास करने लगे कि उसे क्रूस पर मार दिया गया था। (मत्ती १६:२४; २७:३२) दशकों तक यह प्रतीक वॉच टावर पत्रिका के मुखपृष्ठ पर भी प्रकाशित होता था।
२० वर्ष १९३६ में संस्था द्वारा प्रकाशित रिचॆस् पुस्तक ने स्पष्ट किया कि यीशु मसीह को, क्रूस पर नहीं बल्कि एक सीधे खम्भे, या स्तंभ पर मारा गया था। एक अधिकारी के अनुसार, हिन्दी बाइबल में “क्रूस” अनुवाद किया गया यूनानी शब्द (स्टाउरोस) “मुख्यतः, एक सीधे खम्भे या स्तंभ का संकेत करता है। [इसे] गिरजे के दो दण्डीय क्रूस की आकृति से अलग किया जाना चाहिए। . . . परवर्ती का उद्गम प्राचीन कसदी में हुआ था, और ईश्वर तम्मूज के एक प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।” पूजा किए जाने के बजाय, जिस साधन पर यीशु को मारा गया था उसे घृणित समझा जाना चाहिए।
२१. आगामी लेख में किस बात पर विचार किया जाएगा?
२१ ज़्यादा प्रकाश-कौंधों का और उनका जिन्हें कम समझा जा सकता है, दोनों के अतिरिक्त उदाहरण हैं। इनकी चर्चा के लिए, कृपया आगामी लेख देखिए।
[फुटनोट]
a वॉचटावर बाइबल एण्ड ट्रैक्ट सोसाइटी द्वारा प्रकाशित।
b समय आने पर, यह देखा गया कि यदि उस सबसे महत्त्वपूर्ण जन्म को, जो कभी हुआ, मनाया नहीं जा सकता, तो हमें किसी भी जन्मदिन को नहीं मनाना चाहिए। इसके अलावा, न इस्राएली ना ही प्रारंभिक मसीही जन्मदिन मनाया करते थे। बाइबल केवल दो जन्मदिनों का ज़िक्र करती है, एक फ़िरौन का और दूसरा हेरोदेस अन्तिपास का। प्रत्येक उत्सव पर एक हत्या का कलंक लगा। यहोवा के साक्षी जन्मदिन नहीं मनाते क्योंकि इन प्रथाओं के विधर्मी उद्गम हैं और जिनका जन्मदिन है उन्हें अधिक सम्मान देने के लिए प्रवृत्त हैं।—उत्पत्ति ४०:२०-२२; मरकुस ६:२१-२८.
c यह एक ग़लती थी जो मसीहीजगत के अनेक पंथों ने की। लूथरन एक ऐसा उपनाम था जो मार्टिन लूथर के दुश्मनों ने उसके अनुयायियों को दिया, जिन्होंने तब इसे अपना लिया। उसी तरह, बैपटिस्टस् ने उस उपनाम को अपनाया जो बाहरी लोगों ने उन्हें दिया था क्योंकि वे निमज्जन द्वारा बपतिस्मे का प्रचार करते थे। कुछ इसी तरह, मेथोडिस्ट लोगों ने वह नाम अपनाया जो उन्हें एक बाहरी व्यक्ति ने दिया था। सोसाइटी ऑफ फ्रेंडस् कैसे क्वेकर्स् कहलाने लगी, इसके सम्बन्ध में द वर्ल्ड बुक एनसाइक्लोपीडिया कहती है: “शब्द क्वेकर मूलतः फॉक्स [संस्थापक] की बेइज़्ज़ती के लिए था, जिसने एक अंग्रेज़ न्यायाधीश से ‘प्रभु के वचन पर काँपने’ के लिए कहा। न्यायाधीश ने फॉक्स को ‘क्वेकर’ कहा।”
क्या आपको याद है?
◻ “विश्वासयोग्य और बुद्धिमान दास” कौन है और ‘नौकर चाकर’ कौन हैं?
◻ आधुनिक समयों में कौन-सी कुछ प्रारंभिक प्रकाश-कौंधें थीं?
◻ नया नाम, यहोवा के साक्षी क्यों उपयुक्त था?
◻ वर्ष १९३५ में कौन-से उल्लेखनीय सत्य प्रकट किए गए?
[पेज 17 पर तसवीरें]
सी.टी. रस्सल और उसके साथियों ने आध्यात्मिक प्रकाश फैलाया, लेकिन सारा श्रेय यहोवा को गया