वॉचटावर ऑनलाइन लाइब्रेरी
वॉचटावर
ऑनलाइन लाइब्रेरी
हिंदी
  • बाइबल
  • प्रकाशन
  • सभाएँ
  • wp17 अंक 4 पेज 11-12
  • एलीआस हुटर की इब्रानी बाइबल के उम्दा संस्करण

इस भाग के लिए कोई वीडियो नहीं है।

माफ कीजिए, वीडियो डाउनलोड नहीं हो पा रहा है।

  • एलीआस हुटर की इब्रानी बाइबल के उम्दा संस्करण
  • प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है (जनता के लिए)—2017
  • उपशीर्षक
  • मिलते-जुलते लेख
  • “इस संस्करण की खूबसूरती”
  • नए नियम का इब्रानी संस्करण
  • आज भी फायदेमंद
  • परमेश्‍वर के वचन से मुहब्बत करनेवालों के लिए एक खास अवसर
    प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है—1999
  • क्या आपको याद है?
    प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है (अध्ययन)—2017
  • यहोवा—ऐसा परमेश्‍वर जो हमसे बातचीत करता है
    प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है—2015
  • परमेश्‍वर के वचन का जीता-जागता अनुवाद
    प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है—2015
प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है (जनता के लिए)—2017
wp17 अंक 4 पेज 11-12

एलीआस हुटर की इब्रानी बाइबल के उम्दा संस्करण

क्या आप वह इब्रानी भाषा पढ़ सकते हैं, जिसमें बाइबल लिखी गयी थी? शायद आपने इब्रानी भाषा में कोई बाइबल देखी ही न हो। लेकिन हो सकता है कि आज आपके पास अपनी भाषा में बाइबल हो। करीब 16वीं सदी में विद्वान एलीआस हुटर ने इब्रानी भाषा में बाइबल के दो संस्करण छापे थे। अगर आप इन संस्करणों के बारे में कुछ बातों पर गौर करें, तो अपनी बाइबल के लिए आपकी कदरदानी बढ़ सकती है।

एलीआस हुटर का जन्म सन्‌ 1553 में गॉर्लिट्‌ज़ नाम के छोटे-से शहर में हुआ था। यह शहर जर्मनी की उस सरहद पर है, जो पोलैंड और चेक रिपब्लिक से लगी हुई है। हुटर ने येना शहर के लूथरन विश्‍वविद्यालय में मध्य-पूर्वी देशों की भाषाओं का अध्ययन किया था। वह कोई 24 साल का ही था, तभी वह लीपज़िग शहर में इब्रानी भाषा का प्रोफेसर बन गया। वह शिक्षा के मामले में सुधार लाना चाहता था, इसलिए बाद में उसने न्यूरमबर्ग शहर में एक स्कूल खुलवाया। इस स्कूल में विद्यार्थी इब्रानी, ग्रीक, लातीनी और जर्मन भाषा चार साल में ही सीख सकते थे। उस वक्‍त किसी और स्कूल या विश्‍वविद्यालय में यह नामुमकिन था।

“इस संस्करण की खूबसूरती”

सन्‌ 1587 में छपी हुटर की इब्रानी बाइबल का पहला पेज

सन्‌ 1587 में छपी हुटर की इब्रानी बाइबल का पहला पेज

सन्‌ 1587 में हुटर ने बाइबल का वह हिस्सा इब्रानी भाषा में छापा, जिसे आम तौर पर पुराना नियम कहा जाता है। बाइबल के इस संस्करण को डेरेख हा-कोडेश नाम दिया गया, जो यशायाह 35:8 से लिया गया था। इन शब्दों का मतलब है, “पवित्र मार्ग।” ये अक्षर इतने सुंदर तरीके से इस संस्करण के पहले पेज पर छापे गए हैं कि उन्हें देखकर यही कहा जा सकता है, “इनकी हर बात इस संस्करण की खूबसूरती बयान करती है।” लेकिन यह बाइबल खास तौर पर इसलिए मायने रखती थी कि इससे विद्यार्थियों को इब्रानी भाषा सीखने में काफी मदद मिली।

हुटर की यह इब्रानी बाइबल किस तरह बहुत मददगार थी? जब कोई प्राचीन समय की इब्रानी में लिखी बाइबल पढ़ने की कोशिश करता, तो उसे कुछ मुश्‍किलों का सामना करना पड़ता था। ज़रा दो मुश्‍किलों पर गौर कीजिए। पहली, प्राचीन इब्रानी बाइबल के अक्षर बहुत अलग हैं, जिन्हें दाएँ से बाएँ पढ़ा जाता है और लोग उन्हें आसानी से पहचान नहीं पाते। दूसरी मुश्‍किल यह थी कि इब्रानी बाइबल के मुख्य शब्दों में उपसर्ग (शब्द के आगे लगनेवाले अक्षर) और प्रत्यय (शब्द के पीछे लगनेवाले अक्षर) लगे होते हैं, इसलिए मुख्य शब्द पहचानना मुश्‍किल था। उदाहरण के लिए, इब्रानी शब्द नेफेश (נפשׁ) पर ध्यान दीजिए, जिसका मतलब “प्राण” या “प्राणी” है। यहेजकेल 18:4 में इस शब्द के पहले हा (ה) उपसर्ग लगाया गया है, इस वजह से यह शब्द हानेफेश (הנפשׁ) पढ़ा जाएगा। जिन्हें इन बातों के बारे में पता नहीं है, उन्हें शब्द हानेफेश (הנפשׁ) शब्द नेफेश (נפשׁ) से एकदम अलग लगेगा।

विद्यार्थियों की मदद के लिए हुटर ने छपाई की एक बढ़िया तकनीक अपनायी। उसने दो तरह की इब्रानी अक्षरों की आकृतियाँ इस्तेमाल कीं। एक ऐसी थी, जिससे छपाई के बाद अक्षर मोटा दिखता था और दूसरी ऐसी थी, जिससे छपाई के बाद अक्षर का सिर्फ खाका दिखता था। उसने मुख्य शब्द मोटे अक्षरवाली आकृतियों से छापे और उपसर्ग और प्रत्यय खाकेवाली आकृतियों से छापे। इस वजह से इब्रानी भाषा सीखनेवाले विद्यार्थी मुख्य शब्द आसानी से पहचान लेते थे। यह आप पहली तसवीर के हलके रंग के भाग में देख सकते हैं, जहाँ हुटर की इब्रानी बाइबल से यहेजकेल 18:4 की आयत दी है। कुछ यही तरीका न्यू वर्ल्ड ट्रांस्लेशन ऑफ द होली स्क्रिप्चर्स—विद रेफ्रेंसेज़ में उसी आयत के फुटनोट के लिए अपनाया गया है, जैसा आप दूसरी तसवीर के हलके रंग के भाग में देख सकते हैं।a यहाँ जो मुख्य इब्रानी शब्द अँग्रेज़ी में इब्रानी उच्चारण के मुताबिक लिखे गए हैं, वे मोटे अक्षरों में हैं और उनमें लगे उपसर्ग और प्रत्यय, हलके अक्षरों में।

हुटर की इब्रानी बाइबल में यहेजकेल 18:4 की आयत और ‘न्यू वर्ल्ड ट्रांस्लेशन ऑफ द होली स्क्रिप्चर्स—विद रेफ्रेंसेज़’ में उसी आयत का फुटनोट

नए नियम का इब्रानी संस्करण

हुटर ने बाइबल का वह हिस्सा भी छापा, जिसे आम तौर पर नया नियम कहा जाता है। इस संस्करण में हर आयत 12 भाषा में लिखी गयी थी और इसे 1599 में न्यूरमबर्ग शहर में छापा गया। इसे अकसर न्यूरमबर्ग पॉलिग्लॉट नाम से बुलाया जाता है। हुटर अपने इस संस्करण में नए नियम का इब्रानी भाषा में अनुवाद भी शामिल करना चाहता था। लेकिन उसने कहा कि अगर वह ऐसी बाइबल पाने के लिए एक बड़ी रकम दे भी दे, तो भी कुछ हासिल नहीं होगा।b इस वजह से उसने खुद नए नियम का अनुवाद ग्रीक भाषा से इब्रानी भाषा में करने का फैसला किया। उसने अपने सारे काम एक तरफ कर यह अनुवाद एक साल में ही पूरा कर दिया!

हुटर का मसीही यूनानी शास्त्र का इब्रानी अनुवाद कितना अच्छा था? इस बारे में 1891 में इब्रानी भाषा के एक विद्वान फ्रांट्‌स डेलिट्‌श ने लिखा, ‘उसके इब्रानी अनुवाद से पता चलता है कि उसे इब्रानी भाषा की अच्छी पकड़ थी, जो बहुत कम मसीहियों में थी। उसके अनुवाद से आज भी मदद मिलती है। उसने किसी बात का अनुवाद करने के लिए एकदम सही शब्द चुने और यह उसकी पूरी बाइबल में देखा जा सकता है।’

आज भी फायदेमंद

हुटर अपने अनुवाद काम से अमीर नहीं बना, क्योंकि उसके संस्करण ज़्यादा नहीं बिके। फिर भी उसका यह काम बहुत अहम रहा है और उससे लोगों को आज भी मदद मिल रही है। उदाहरण के लिए, हुटर के नए नियम के इब्रानी संस्करण में थोड़ी फेरबदल करके पहले 1661 में विलियम रॉबर्टसन ने और फिर 1798 में रिचर्ड कैडिक ने उसे दोबारा छापा। हुटर ने नए नियम का ग्रीक से इब्रानी में अनुवाद करते वक्‍त ध्यान रखा था कि जो बातें इब्रानी शास्त्र से ली गयी हैं या जहाँ उसे लगा कि यहोवा की बात की जा रही है, वहाँ उसने किरियॉस (प्रभु) और थियॉस (परमेश्‍वर) उपाधियों की जगह “यहोवा” (יהוה य-ह-व-ह) नाम डाला। यह बात बड़ी दिलचस्प है, क्योंकि नए नियम के बहुत-से अनुवादों में परमेश्‍वर का नाम नहीं पाया जाता। इस तरह हुटर के अनुवाद से एक बार फिर यह साबित होता है कि मसीही यूनानी शास्त्र में परमेश्‍वर का नाम होना चाहिए।

अगली बार जब आप मसीही यूनानी शास्त्र में परमेश्‍वर का नाम “यहोवा” देखें या रेफ्रेंस बाइबल में कोई फुटनोट देखें, तब याद कीजिए कि एलीआस हुटर ने बाइबल के इब्रानी संस्करणों के लिए क्या-क्या किया।

a रेफ्रेंस बाइबल में यहेजकेल 18:4 का दूसरा फुटनोट और अतिरिक्‍त लेख 3B देखिए।

b असल में कुछ विद्वानों ने पहले भी नए नियम का इब्रानी भाषा में अनुवाद किया था। जैसे, 1360 के आस-पास साइमन आटूमैनॉस ने एक अनुवाद किया। फिर 1565 के आस-पास जर्मन विद्वान ओसवाल्ट श्रेकएनफूक्स ने भी अपना अनुवाद पूरा किया। मगर इनके अनुवाद कभी छापे ही नहीं गए और ये आज कहीं नहीं पाए जाते।

    हिंदी साहित्य (1972-2025)
    लॉग-आउट
    लॉग-इन
    • हिंदी
    • दूसरों को भेजें
    • पसंदीदा सेटिंग्स
    • Copyright © 2025 Watch Tower Bible and Tract Society of Pennsylvania
    • इस्तेमाल की शर्तें
    • गोपनीयता नीति
    • गोपनीयता सेटिंग्स
    • JW.ORG
    • लॉग-इन
    दूसरों को भेजें