ईश्वरशासित सेवकाई स्कूल में नाम लिखवाना
ईश्वरशासित सेवकाई स्कूल लाखों यहोवा के साक्षियों को सुसमाचार के सेवकों के रूप में प्रशिक्षण देने में सहायक रहा है। हममें से कई लोगों को याद है कि जब हमने पहली बार इस स्कूल में नाम लिखवाया था तो हमने कितना आशंकित और अयोग्य महसूस किया था, और अब परमेश्वर के वचन के वक्ता और शिक्षकों के रूप में हमारे आध्यात्मिक विकास में इसकी भूमिका को हम कृतज्ञता से स्वीकार करते हैं। (प्रेरितों ४:१३ से तुलना कीजिए।) क्या आपने इस विशिष्ट स्कूल में नाम लिखवाया है?
२ कौन नाम लिखवा सकते हैं? हमारी सेवकाई को पूरा करने के लिए संगठित (अंग्रेज़ी) का पृष्ठ ७३ उत्तर देता है: “वे सभी नाम लिखवा सकते हैं जो कलीसिया के साथ सक्रीय रूप से संगति रखते हैं। इनमें वे भी शामिल हैं जो सभाओं में हाल में ही उपस्थित होने लगे हैं। वे ऐसा कर सकते हैं जब तक कि वे ऐसा जीवन व्यतीत नहीं कर रहे हैं जो कि मसीही सिद्धांतों के सामंजस्य में नहीं है।” हम उन सभी—पुरुषों, स्त्रियों, और बच्चों—को आमंत्रित करते हैं जो योग्य ठहरते हैं कि वे स्कूल ओवरसियर के पास जाएँ और नाम लिखवाने के लिए निवेदन करें।
३ वर्ष १९९७ के लिए स्कूल कार्यक्रम: १९९७ के लिए ईश्वरशासित सेवकाई स्कूल कार्यक्रम विविध प्रकार की बाइबल शिक्षाएँ सम्मिलित करता है। अपने बोलने और सिखाने की क्षमताओं को विकसित करने के अलावा, हम प्रत्येक सप्ताह इसके पाठ्यक्रम में मिलनेवाले अनेक आध्यात्मिक रत्नों से सीखते हैं। (नीति. ९:९) यदि हम स्कूल के लिए तैयारी करते हैं, जिसमें साप्ताहिक बाइबल पठन सम्मिलित है, और उपस्थिति में नियमित हैं, तो हम कार्यक्रम से काफ़ी आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
४ वर्ष १९९७ के लिए नियुक्ति क्र. २ के अधिकांश बाइबल पठन पिछले सालों से छोटे हैं। इस नियुक्ति की तैयारी करते समय, विद्यार्थी को अपने पठन का समय ध्यानपूर्वक देखना चाहिए और फिर निर्धारित करना चाहिए कि अपने भाग के लिए नियत पाँच मिनटों में से वह कितने समय को प्रस्तावना और समाप्ति में इस्तेमाल कर सकता है। यह विद्यार्थी को अपने समय का पूरा उपयोग करने और अपनी पठन क्षमता एवं तात्कालिक रूप से बोलने की कला दोनों को विकसित करने का मौक़ा देगा।—१ तीमु. ४:१३.
५ अनौपचारिक गवाही को नियुक्ति क्र. ३ में प्रस्तुतियों के लिए एक संभव सेटिंग के रूप में जोड़ा गया है, जो ज्ञान पुस्तक पर आधारित होती हैं। इसलिए, एक बहन या तो एक पुनःभेंट, एक गृह बाइबल अध्ययन, या अनौपचारिक गवाही को इस नियुक्ति की सेटिंग के रूप में चुन सकती है। निःसन्देह, मुख्य रूप से ज़ोर प्रभावकारी शिक्षण पर दिया जाता रहना चाहिए न कि सेटिंग पर।
६ चाहे आपको उपदेश भाषण, बाइबल विशेषताएँ, या एक विद्यार्थी नियुक्ति प्रस्तुत करने का विशेषाधिकार है, आप अपने भाग को अच्छी तरह से तैयार करने और पूर्वाभ्यास करने के द्वारा, विश्वास और उत्साह के साथ इसे प्रस्तुत करने के द्वारा, नियत समय को न लांघने के द्वारा, स्कूल ओवरसियर की सलाह को सुनने और लागू करने के द्वारा, और अपनी नियुक्ति को वफ़ादारी से पूरा करने के लिए हमेशा प्रयास करने के द्वारा ईश्वरशासित सेवकाई स्कूल के लिए अपना मूल्यांकन दिखा सकते हैं। इस प्रकार स्कूल में आपका नाम लिखवाना आपके लिए और जो उपस्थित हैं दोनों के लिए एक आशीष साबित होगा।