नवंबर में सजग होइए! का खास अंक पेश किया जाएगा
कई लोग बाइबल की अहमियत के बारे में सचमुच जानना चाहते हैं। जैसे, अगर बाइबल इंसानों ने लिखी है, तो इसे परमेश्वर का वचन क्यों कहा जाता है? मुझे अपने कदमों को सही राह दिखाने के लिए बाइबल पर क्यों विश्वास करना चाहिए? अगर मैं बाइबल पढ़ने और उसका अध्ययन करने में समय लगाऊँ, तो इससे मुझे क्या फायदा होगा? मुझे बाइबल का कौन-सा अनुवाद इस्तेमाल करना चाहिए? ये कुछ सवाल हैं जिनके जवाब नवंबर की सजग होइए! के खास अंक में दिए गए हैं। इसका शीर्षक है “क्या आप बाइबल पर भरोसा कर सकते हैं?” यह अंक अँग्रेज़ी, मलयालम और तमिल भाषाओं में उपलब्ध है। अगर आप लोगों को किसी दूसरी भाषा में सजग होइए! पेश करते हैं, तो आप अक्टूबर-दिसंबर के अंक में दिए “बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए सात कदम” पर उनका ध्यान खींच सकते हैं।
2 हम यह खास अंक या अक्टूबर-दिसंबर की सजग होइए! अपने प्रचार के इलाके में ज़्यादा-से-ज़्यादा लोगों को बाँटेंगे। हो सके तो नवंबर महीने के हर शनिवार को अपनी कलीसिया के साथ घर-घर के प्रचार में हिस्सा लीजिए। सजग होइए! के ये अंक अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों, साथ काम करनेवालों, टीचरों, स्कूल के साथियों और वापसी भेंट में मिलनेवालों को पेश कीजिए। खरीदारी या सफर करते वक्त इन अंकों की कुछ कॉपियाँ अपने साथ रखिए। प्राचीनों ने सजग होइए! के इन अंकों की ज़्यादा-से-ज़्यादा कॉपियों की गुज़ारिश की है, ताकि कलीसिया के पास इसकी अच्छी सप्लाई रहे।
3 बाइबल अध्ययन शुरू कीजिए: जब आप पत्रिका पेश करते हैं, तो अपनी बात खत्म करने से पहले आप बाइबल अध्ययन के लिए बुनियाद डाल सकते हैं। मिसाल के लिए, अगर आप नवंबर का खास अंक पेश करते हैं, तो आप कह सकते हैं, “जब मैं अगली बार आऊँगा, तो आपको बाइबल से इस सवाल का जवाब बताना चाहूँगा, ‘पृथ्वी के लिए परमेश्वर का मकसद क्या है?’” फिर वापसी भेंट पर अपने साथ बाइबल सिखाती है किताब ले जाइए और घर-मालिक को इसके पेज 4-5 या अध्याय 3 के पैराग्राफ 1-3 दिखाकर उस पर चर्चा कीजिए। या आप घर-मालिक से कह सकते हैं कि “कई लोग बाइबल में जो पढ़ते हैं, उसे समझना उन्हें मुश्किल लगता है। अगली बार मैं आपको बताना चाहूँगा कि आप अपनी बाइबल को बेहतर तरीके से कैसे समझ सकते हैं।” वापसी भेंट पर बाइबल सिखाती है किताब दिखाइए और बताइए कि बाइबल अध्ययन कैसे किया जाता है। अगर आप अक्टूबर-दिसंबर का अंक पेश करते हैं, तो आप कह सकते हैं, “अगली मुलाकात में मैं आपको बताना चाहूँगा कि बाइबल के उसूल परिवार को सुखी बनाने में कैसे मदद दे सकते हैं।” फिर वापसी भेंट पर घर-मालिक को बाइबल सिखाती है किताब का अध्याय 14 दिखाइए और पैराग्राफ 1 और 2 पर साथ मिलकर चर्चा कीजिए।
4 सिर्फ बाइबल में ही परमेश्वर के पवित्र वचन दिए गए हैं, जो हमें “उद्धार प्राप्त करने के लिये बुद्धिमान” बना सकते हैं। (2 तीमु. 3:15) इसलिए, आइए हम सजग होइए! के इन अंकों को बाँटने में पूरे जोश के साथ हिस्सा लें, ताकि लोग बाइबल पर अपना भरोसा बढ़ा सकें!