जवान भाइयो—क्या आप ज़िम्मेदारी पाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं?
1. एक जवान भाई को 1 तीमुथियुस 3:1 में बताए निर्देशनों को कब से लागू करना चाहिए?
1 “अगर कोई आदमी . . . ज़िम्मेदारी पाने की कोशिश में आगे बढ़ता है, तो वह एक बढ़िया काम करने की चाहत रखता है।” (1 तीमु. 3:1) परमेश्वर की प्रेरणा से लिखे ये शब्द भाइयों को बढ़ावा देते हैं कि वे मंडली में सेवा से जुड़ी ज़िम्मेदारियों के योग्य बनने के लिए आगे बढ़ें। क्या इसके लिए कोई उम्र तय की गयी है? दरअसल, अच्छा होगा कि आप जवानी के दिनों में ही सेवा के लिए आगे बढ़ें। इस तरह आप प्रशिक्षण पाएँगे और बड़े होते-होते खुद को सहायक सेवक की ज़िम्मेदारी उठाने के योग्य बना पाएँगे। (1 तीमु. 3:10) अगर आप एक बपतिस्मा-शुदा जवान भाई हैं, तो आप ज़िम्मेदारी पाने के लिए कैसे आगे बढ़ सकते हैं?
2. त्याग का गुण कैसे बढ़ाया और दिखाया जा सकता है?
2 त्याग का गुण बढ़ाइए: याद रखिए कि आप बढ़िया काम करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं न कि उपाधि पाने के लिए। इसलिए अपने अंदर भाई-बहनों की सेवा करने की इच्छा पैदा कीजिए। ऐसा करने का एक तरीका है, यीशु की बढ़िया मिसाल पर मनन करना। (मत्ती 20:28; यूह. 4:6, 7; 13:4, 5) यहोवा से प्रार्थना कीजिए कि वह आपको मंडली के भाई-बहनों में दिलचस्पी लेने में मदद करे। (1 कुरिं. 10:24) क्या आप मंडली के बुज़ुर्ग भाई-बहनों और ज़रूरतमंदों की कारगर तरीके से मदद करते हैं? क्या आप साफ-सफाई और राज-घर के रख-रखाव से जुड़े कामों के लिए खुद आगे आते हैं? जब कोई भाई परमेश्वर की सेवा स्कूल में अपना भाग नहीं दे पाता है, तो क्या आप उसकी जगह भाषण देने के लिए तैयार रहते हैं? आप महसूस कर पाएँगे की दूसरों की खातिर खुद को पूरी तरह दे देने से, हमें कितनी खुशी मिलती है!—प्रेषि. 20:35.
3. आध्यात्मिकता का होना कितना ज़रूरी है, और इसे कैसे बढ़ाया जा सकता है?
3 आध्यात्मिकता: मंडली में ज़िम्मेदारी सभाँलनेवाले भाइयों में खास काबिलीयत या हुनर से ज़्यादा आध्यात्मिकता का होना बहुत ज़रूरी है। एक आध्यात्मिक व्यक्ति हालात को यहोवा और यीशु के नज़रिए से देखता है। (1 कुरिं. 2:15, 16) वह “परमेश्वर की पवित्र शक्ति का फल” दिखाता है। (गला. 5:22, 23) वह जोशीला प्रचारक होता है और राज के कामों को पहली जगह देता है। (मत्ती 6:33) नियमित तौर पर निजी अध्ययन करने से आप आध्यात्मिक गुणों को अपने अंदर बढ़ा सकते हैं। इसमें हर दिन बाइबल पढ़ना, प्रहरीदुर्ग और सजग होइए! पत्रिका का हर अंक पढ़ना, साथ ही सभाओं की तैयारी करना और उसमें हाज़िर होना शामिल है। (भज. 1:1, 2; इब्रा. 10:24, 25) जवान तीमुथियुस को आध्यात्मिक तरक्की करने का बढ़ावा देते हुए पौलुस ने लिखा: “खुद पर और अपनी शिक्षा पर लगातार ध्यान देता रह।” (1 तीमु. 4:15, 16) इसलिए परमेश्वर की सेवा स्कूल में मिले अपने भाग को पेश करने में कड़ी मेहनत कीजिए। प्रचार की अच्छी तैयारी कीजिए और उसमें नियमित तौर पर हिस्सा लीजिए। आध्यात्मिक लक्ष्य रखिए और उसे पाने के लिए आगे बढ़िए। जैसे, पायनियर सेवा, बेथेल सेवा या फिर अविवाहित भाइयों के लिए बाइबल स्कूल जाने का लक्ष्य। आध्यात्मिकता आपकी मदद करेगी कि आप ‘जवानी में उठनेवाली इच्छाओं से दूर भागें।’—2 तीमु. 2:22.
4. भरोसेमंद और विश्वासयोग्य होने का क्या फायदा है?
4 भरोसेमंद और विश्वासयोग्य: पहली सदी में जिन भाइयों को ज़रूरतमंद मसीहियों को खाना परोसने की ज़िम्मेदारी सौंपी गयी थी, वे “योग्य पुरुष” थे। उन्होंने भरोसेमंद और विश्वासयोग्य होने का सबूत दिया था। इसलिए प्रेषितों को किसी बात की चिंता नहीं थी और इस तरह वे दूसरे ज़रूरी मामलों पर अपना ध्यान लगा पाए। (प्रेषि. 6:1-4) जब भी आपको मंडली में कोई काम मिलता है, तो अपना भरसक करने की कोशिश कीजिए। नूह की मिसाल पर चलिए जिसने जहाज़ बनाने के लिए, यहोवा से मिली हिदायतों को बारीकी से माना। (उत्प. 6:22) विश्वासयोग्य व्यक्ति आध्यात्मिक प्रौढ़ता दिखाता है और यहोवा इसकी कदर करता है।—1 कुरिं. 4:2; बक्स “प्रशिक्षण से मिलनेवाले फायदे” देखिए।
5. जवान भाइयों को क्यों ज़िम्मेदारी पाने के लिए आगे बढ़ना चाहिए?
5 बाइबल में जैसे भविष्यवाणी की गयी है, यहोवा लोगों को इकट्ठा करने का काम तेज़ी से पूरा कर रहा है। (यशा. 60:22) हर साल औसतन करीब 2,50,000 लोग बपतिस्मा ले रहे हैं। सच्चाई में इतने सारे नए लोगों के आने की वजह से ज़िम्मेदारी सँभालने के लिए मंडली में योग्य भाइयों की ज़रूरत है। आज यहोवा की सेवा में पहले से कहीं ज़्यादा काम है। (1 कुरिं. 15:58) जवान भाइयो, क्या आप ज़िम्मेदारी पाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं? अगर हाँ, तो यकीन रखिए आप बढ़िया काम करने के लिए अपनी इच्छा ज़ाहिर कर रहे हैं।
[पेज ५ पर तसवीर]
सच्चाई में इतने सारे नए लोगों के आने से ज़िम्मेदारी सँभालने के लिए मंडली में योग्य भाइयों की ज़रूरत है
[पेज ६ पर तसवीर]
प्रशिक्षण से मिलनेवाले फायदे
योग्य भाइयों को फायदा तभी पहुँचता है जब मंडली के प्राचीन, उन्हें ज़िम्मेदारियाँ सौंपते हैं और प्रशिक्षण देते हैं। एक सर्किट निगरान सभा के बाद प्लैटफॉर्म पर बैठकर एक प्रचारक का हौसला बढ़ा रहा था। तभी उसने देखा कि एक लड़का पास खड़ा है, निगरान ने उससे पूछा क्या वह बात करने के लिए रुका है। उस जवान भाई ने कहा कि उसे हर सभा के बाद प्लैटफॉर्म साफ करने की ज़िम्मेदारी दी गयी है। हालाँकि उसके माता-पिता घर जाने के लिए तैयार खड़े थे, मगर यह भाई अपनी ज़िम्मेदारी पूरी किए बगैर घर नहीं जाना चाहता था। यह देखकर सर्किट निगरान बहुत खुश हुआ और उस जगह से हट गया। सर्किट निगरान उस मंडली के प्राचीनों के बारे में कहता है: “यहाँ के प्राचीन, योग्य जवान भाइयों को ज़िम्मेदारी सौंपकर, उन्हें प्रशिक्षण देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।” इसलिए उन्हें दौरे के वक्त, सहायक सेवक की ज़िम्मेदारी के लिए जवान भाइयों की सिफारिश करने में कोई हिचक नहीं होती।