हमारी पुरानी पुस्तकों का अच्छा उपयोग करना
यहोवा ने हमें प्रचुरता में पौष्टिक आध्यात्मिक भोजन प्रदान किया है। इसमें से अधिकांश विषय १९२-पृष्ठ की पुस्तकों के रूप में रहा है जिन्हें हाल के वर्षों में प्रकाशित किया गया है। जनवरी के दौरान हम कोई भी पुरानी १९२-पृष्ठ वाली पुस्तकें पेश करेंगे जिनकी सूची, विशेष दर पर वितरण के लिए हमारी राज्य सेवकाई में दी गयी है। क्या आपके पास इनमें से कुछ पुस्तकें घर पर हैं जो अब भी अच्छी दशा में हैं? क्या आपने अपनी कलीसिया से स्टॉक हासिल कर लिया है? यदि हाँ, तो उनके विषयों को दोबारा देखना और अपनी प्रस्तुति में इस्तेमाल करने लायक कुछ बातचीत के मुद्दे चुनना अच्छा होगा।
२ यदि आप “आपके लिए आनन्द का सुसमाचार” पुस्तक पेश कर रहे हैं तो आप शायद इस प्रस्तावना को इस्तेमाल करें:
▪“अधिकांश लोग अनेक समस्याओं की वजह से इस संसार में आनन्द पाने में कठिनाई महसूस करते हैं। आपके विचार से क्या वर्तमान परिस्थितियों में ख़ुश रहना संभव है? [प्रतिक्रिया के लिए रुकिए। पृष्ठ १०६ खोलिए, और बताइए कि मानवजाति हिंसा के डर में कैसे जीती है।] बाइबल दिखाती है कि कैसे हम आज की समस्याओं का सामना कर सकते हैं और अंततः एक शान्तिपूर्ण नए संसार में अनन्त ख़ुशी का आनन्द उठा सकते हैं। [पृष्ठ १८८ को खोलिए और २ पतरस ३:१३ पढ़िए; पृष्ठ १८९ पर दिए गए चित्र को समझाइए।] बाइबल इस सुसमाचार का स्रोत है और उसे समझने में यह पुस्तक आपकी मदद कर सकती है।”
३ यदि गृहस्वामी गिरजा पृष्ठभूमि का है, तो आप “तेरा राज्य आए” पुस्तक इस प्रकार प्रस्तुत करते हुए पेश कर सकते हैं:
▪“लगभग २,००० सालों से मसीहियों ने परमेश्वर के राज्य के आने की प्रार्थना की है। आपके विचार से वह राज्य मानवजाति के लिए क्या करेगा? [प्रतिक्रिया के लिए रुकिए। पृष्ठ २५ पर दिए गए बक्स को खोलिए, और राज्य शासन के अधीन पायी जानेवाली कुछ आशिषें बताइए।] यह पुस्तक उन बातों की चर्चा करती है जो वह राज्य पूरा करेगा और समझाती है कि कैसे आप और आपके प्रिय जन लाभ उठा सकते हैं। यदि आप इसे पढ़ना चाहेंगे, तो आपके पास इसकी एक प्रति छोड़ जाने में मुझे ख़ुशी होगी।”
४ यदि आप “सच्ची शान्ति और सुरक्षा—किस स्रोत से?” (अंग्रेज़ी) पुस्तक इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आप शायद इस प्रस्तावना को इस्तेमाल करना पसन्द करें:
▪“हर व्यक्ति एक ऐसे संसार में जीना चाहेगा जहाँ शान्ति और सुरक्षा हो। दुःख की बात है कि हमने अपने जीवनकाल में उसका अनुभव नहीं किया है। आपके विचार से शान्ति और सुरक्षा को वास्तविकता बनाने के लिए हमें क्या करने की ज़रूरत है? [प्रतिक्रिया के लिए रुकिए।] परमेश्वर के पास इस पृथ्वी पर शान्ति लाने की शक्ति है, और उसने प्रतिज्ञा की है कि वह ऐसा करेगा।” पृष्ठ ४ का चित्र खोलिए, और फिर मीका ४:३, ४ पढ़िए। यदि अच्छी प्रतिक्रिया होती है, तो राज्य आशा के बारे में अधिक समझाइए, पुस्तक पेश कीजिए, और पुनःभेंट के लिए प्रबन्ध कीजिए।
५ आप शायद “क्या यही जीवन सब कुछ है?” पुस्तक इस्तेमाल करना चाहें। यदि हाँ, तो आप यह कह सकते हैं:
▪“अनेक लोग सोचते हैं कि परमेश्वर ने संसार में इतने दुःख की अनुमति क्यों दी है। चूँकि वह सर्वशक्तिमान है, तो वह हमारे दुःख का अन्त करने के लिए कुछ करता क्यों नहीं है? आप कैसा महसूस करते हैं? [प्रतिक्रिया के लिए रुकिए।] बाइबल हमें आश्वासन देती है कि परमेश्वर ने हमें त्यागा नहीं है।” पृष्ठ १५२ खोलिए और यह कहते हुए यशायाह ११:६-९ और प्रकाशितवाक्य २१:२-४ के उद्धरणों को बताइए कि ऐसी परिस्थिति की हम प्रत्याशा कर सकते हैं। बाइबल से भजन ३७:११, २९ पढ़िए। यदि पुस्तक स्वीकारी जाती है, तो उसे समझाने के लिए लौटने का प्रस्ताव रखिए।
६ हमारे साहित्य ने हज़ारों लोगों को बाइबल को और नज़दीकी से जाँचने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने जो सीखा है उससे उन्हें एक सुखी भविष्य के लिए आशा मिली है। (भज. १४६:५) उनकी मदद करना हमारा विशेषाधिकार है।