पायी गयी दिलचस्पी पर पुनःभेंट कीजिए
घर-घर का कार्य करते वक़्त, हम सामान्यतः एक दिलचस्पी दिखानेवाले व्यक्ति के साथ सीमित समय बिता पाते हैं। अधिकांश मामलों में वास्तविक शिक्षण कार्य तब होता है जब हम पुनःभेंट करते हैं और बाइबल अध्ययन संचालित करते हैं। (मत्ती २८:१९, २०) पुनःभेंट पर प्रभावकारी रीति से सिखाने के लिए, हमें प्रारम्भिक भेंट में की गयी चर्चा पर पुनर्विचार करने और फिर अतिरिक्त चर्चा के लिए तैयारी करने की ज़रूरत है।
२ यदि आपने पारिवारिक प्रबंध की अस्थिरता के बारे में बात की थी, तो आप शायद “सर्वदा जीवित रहना” पुस्तक के अध्याय २९ में दिए गए विषय का इस्तेमाल करें। आप कह सकते हैं:
▪“पिछली बार हमने सुखी पारिवारिक जीवन पाने के लिए बाइबल की सलाह के अनुसार चलने की बुद्धिमानी के बारे में बात की थी। आपके विचार से आज परिवारों को एक करने की कुंजी क्या है?” प्रतिक्रिया के लिए रुकिए। पृष्ठ २४७ पर अनुच्छेद २७ खोलिए, और कुलुस्सियों ३:१२-१४ पढ़िए। यह दिखाते हुए अतिरिक्त टिप्पणियाँ कीजिए कि कैसे असली प्रेम परिवारों को एकसाथ रख सकता है। समझाइए कि कैसे सर्वदा जीवित रहना पुस्तक का एक व्यवस्थित अध्ययन समस्याओं को हल करने में मदद कर सकता है।
३ यदि आपने अपनी प्रारम्भिक भेंट में संसार की बिगड़ती हुई परिस्थितियों के बारे में चर्चा की थी, तो आप उस पर शायद यह कहते हुए पुनःभेंट करें:
▪“मुझे विश्वास है कि आप सहमत होंगे कि यदि हमें कभी शान्ति में जीना है, तो बड़े परिवर्तनों की ज़रूरत है। बाइबल दिखाती है कि हमारी समस्याओं का मूल कारण शैतान है। अनेक लोग सोचते हैं कि परमेश्वर ने उसे इतने लम्बे समय तक जीवित रहने की अनुमति क्यों दी है। आप क्या सोचते हैं?” प्रतिक्रिया के लिए रुकिए। सर्वदा जीवित रहना पुस्तक के पृष्ठ २० और २१ पर अनुच्छेद १४ और १५ खोलिए, और समझाइए कि क्यों शैतान को अब तक नाश नहीं किया गया है। फिर रोमियों १६:२० पढ़िए, जो दिखाता है कि हम निकट भविष्य में क्या अपेक्षा कर सकते हैं।
४ यदि आपने राज्य शासन के अधीन पायी जानेवाली आशिषों के बारे में बात की थी, तो आप अपनी पुनःभेंट में कह सकते हैं:
▪“परमेश्वर का राज्य पृथ्वी और मानवजाति के लिए अद्भुत आशिषें लाएगा। ये आशिषें यहाँ पृष्ठ १२ और १३ पर अच्छी तरह सचित्रित की गयी हैं। कौन-सी बात आपको आकर्षक लगती है? [प्रतिक्रिया के लिए रुकिए।] ज़रा सोचिए कि इस प्रकार के एक संसार में जीना कैसा होगा।” अनुच्छेद १२ पढ़िए। यदि दिलचस्पी हो तो अनुच्छेद १३ पर दिया गया सवाल पूछिए, और जवाब की चर्चा कीजिए। यह बताइए कि यह अध्याय राज्य आशिषों के बारे में और अधिक सवालों का जवाब देता है और अपनी अगली भेंट में आपको इनकी चर्चा करने में ख़ुशी होगी।
५ आप शायद यह कहते हुए एक अध्ययन शुरू करने में समर्थ हों:
▪“अनेक लोगों ने इस पुस्तक के इस्तेमाल से अपने बाइबल-सम्बन्धी सवालों का जवाब पाया है।” विषय-सूची को खोलिए, और पूछिए: “यहाँ दिए गए विषयों में से कौन-सा विषय आपको सबसे अधिक दिलचस्प लगता है?” प्रतिक्रिया के लिए रुकिए, उस अध्याय को खोलिए जिसने उनकी दिलचस्पी को आकर्षित किया, और पहला अनुच्छेद पढ़िए। समझाइए कि कैसे हर पृष्ठ पर नीचे दिए गए सवाल हर अनुच्छेद के मुख्य मुद्दों को विशिष्ट करते हैं। एक या दो अतिरिक्त अनुच्छेदों की चर्चा करने के द्वारा स्पष्ट रूप से समझाइए, और फिर दुबारा लौटने के लिए प्रबन्ध कीजिए।
६ सर्वदा जीवित रहना पुस्तक में दिखायी गयी दिलचस्पी पर पुनःभेंट करना हमारी सेवकाई को पूरा करने की हमारी इच्छा को प्रदर्शित करता है। (२ तीमु. ४:५) हम शायद अपने सुननेवालों को अनन्त जीवन की ओर आगे बढ़ने के लिए मदद करने में समर्थ हो सकते हैं।—यूह. १७:३.