राज्य समाचार में दिखायी गयी दिलचस्पी को और बढ़ाइए
१ पिछले कुछ हफ़्तों से हम “क्या कभी सभी लोग एक दूसरे से प्रेम करेंगे?” शीर्षकवाले राज्य समाचार क्र. ३५ को वितरित करने के ख़ास अधिकार का आनंद ले रहे हैं। सभी जगह प्रकाशक ज़्यादा-से-ज़्यादा योग्य जनों तक राज्य समाचार के इस अंक को पहुँचाने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। (मत्ती १०:११) हालाँकि इस अभियान को रविवार, नवंबर १६ को समाप्त होना है, प्राचीन आपसे शायद कलीसिया की सप्लाई ख़त्म होने तक राज्य समाचार क्र. ३५ का वितरण जारी रखने के लिए कहें। २ राज्य समाचार के इस अंक ने अनेक लोगों की दिलचस्पी जगायी है। वे जानते हैं कि आम तौर पर मनुष्यों ने अपना स्वाभाविक प्रेम खो दिया है और इसीलिए वे सोचते हैं कि भविष्य में क्या रखा है। (२ तीमु. ३:३) जिनमें दिलचस्पी जगाई गई है उन लोगों के साथ हम पुनःभेंट करना चाहते हैं।
३ राज्य समाचार के परिणाम निकलते हैं: राज्य समाचार के १९९५ के अभियान के दौरान, एक औरत को एक कापी मिली और वह राज्य गृह में सभा के लिए आई क्योंकि वह यहोवा के साक्षियों के विश्वास के बारे में ज़्यादा जानना चाहती थी। उस सभा में वह बाइबल अध्ययन के लिए फ़ौरन राज़ी हो गयी और उसके बाद वह शायद ही कभी सभा से चूकी। जल्द ही, उसने अपने पिछले चर्च को लिखकर अपनी सदस्यता रद्द कर ली!
४ अब तक, क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने राज्य समाचार क्र. ३५ के संदेश को पढ़ लिया है। लेकिन इसके प्रति उनकी प्रतिक्रिया क्या थी? भले ही उन्होंने जो पढ़ा उसका उन पर अच्छा असर हुआ हो, फिर भी अनेक लोग कोई क़दम नहीं उठाएँगे जब तक कि यहोवा का एक साक्षी फिर एक बार उनसे मुलाक़ात नहीं करता। क्या आप लौटने की योजनाएँ बना रहे हैं? हमारे संगी के लिए प्यार भरी परवाह हमें ऐसा करने के लिए प्रेरित करेगी। राज्य समाचार में दिलचस्पी दिखानेवाले सभी लोगों से फिर से मुलाक़ात की जानी चाहिए।
५ जब आप लौटते हैं तब आप क्या कहेंगे? बिलकुल ऐन मौक़े पर आए इस राज्य समाचार के संदेश पर आप कुछ टिप्पणियाँ कर सकते हैं और फिर सोचने पर मज़बूर करनेवाला कोई सवाल पूछ सकते हैं। जब गृहस्वामी अपनी बात व्यक्त करता है तब कान लगाकर सुनिए ताकि आप जान पाएँ कि उसके मन में क्या है। फिर माँग ब्रोशर में से उपयुक्त मुद्दे पर ध्यान आकर्षित कीजिए। इस ब्रोशर को राज्य समाचार में दिखाया गया था। अगर आपको एक अनुकूल प्रतिक्रिया मिलती है, तो वहीं के वहीं बाइबल अध्ययन शुरू करने की कोशिश कीजिए।
६ यहाँ कुछ सुझाई गयी प्रस्तुतियाँ हैं जिन्हें आप आज़मा सकते हैं जब आप “राज्य समाचार” क्र. ३५ में दिलचस्पी दिखानेवालों के पास लौटते हैं:
◼ “आपको याद होगा कि मैंने हाल ही में आपको एक परचा दिया था। इसका संदेश एक ऐसे अहम मसले के बारे में बताता है जिसने आज मनुष्यजाति को बाँट रखा है—और वो है दूसरों के लिए प्रेम की कमी।” राज्य समाचार के पृष्ठ २ पर शीर्षक “पड़ोसियों के प्रति प्रेम ठंडा पड़ चुका है,” में दिए गए प्रमाण की ओर ध्यान आकर्षित कीजिए। फिर पूछिए, “क्या आपको लगता है कि परमेश्वर का यही मकसद है कि मनुष्यजाति इस तरह जीए?” प्रतिक्रिया के लिए रुकिए। माँग ब्रोशर का पाठ ५ खोलिए और एक बाइबल अध्ययन शुरू करने की कोशिश कीजिए।
◼ “जब हम पहली बार मिले थे, तब मैं आपके पास ‘क्या कभी सभी लोग एक दूसरे से प्रेम करेंगे?’ इस विषय पर कुछ जानकारी छोड़ गया था। क्या आपको लगता है कि एक ऐसी दुनिया आएगी?” प्रतिक्रिया के लिए रुकिए। माँग ब्रोशर में पाठ ६ खोलिए और अनुच्छेद ६ पढ़िए। फिर मीका ४:३, ४ में परमेश्वर की प्रतिज्ञा पढ़िए। अगर लगता है कि गृहस्वामी दिलचस्पी दिखा रहा है, तो ब्रोशर और अध्ययन पेश कीजिए।
◼ “जब मैंने पिछली बार आपसे मुलाक़ात की थी, मैं “क्या कभी सभी लोग एक दूसरे से प्रेम करेंगे?” नामक साहित्य छोड़ गया था। इसमें एक मुफ़्त गृह बाइबल अध्ययन पेश किया गया था। मैं आपको वह अध्ययन पुस्तक दिखाने लौटा हूँ जो हम इस्तेमाल करते हैं। [ज्ञान पुस्तक दिखाइए।] यह पुस्तक साफ़-साफ़ समझाती है कि कब सभी लोग एक दूसरे से प्रेम करेंगे, और यह दूसरे सवालों के भी जवाब देती है जिनके बारे में आप शायद सोचते हों: हम क्यों बूढ़े होते और मरते हैं? परमेश्वर दुःख की अनुमति क्यों देता है? हमारे मृत प्रिय जनों का क्या होता है?” फिर पूछिए, “क्या मैं आपको वह अध्ययन प्रदर्शित करके दिखाऊँ?” अगर गृहस्वामी आपकी पेशकश को नामंज़ूर करता है, तो उससे पूछिए कि क्या वह उस पुस्तक को ख़ुद पढ़ना चाहेगा। उसे एक कापी दीजिए। लौटने की योजना बनाइए।
७ राज्य समाचार क्र. ३५ की सप्लाई ख़त्म हो जाने के बाद, हम बाक़ी के महीने ज्ञान पुस्तक पेश कर सकते हैं। इस पुस्तक के लिए सुझाई गयी प्रस्तुतियों का एक अच्छा संग्रह मार्च, जून और नवंबर १९९६ और जून १९९७ की हमारी राज्य सेवकाई के आख़िरी पृष्ठ पर पाया जा सकता है।
८ राज्य समाचार के इस ख़ास वितरण से प्रचार कार्य में हमारी कोशिशों को और तीव्र करने के लिए हमें प्रेरित होना चाहिए। यहोवा की मदद से हम विश्वस्त हो सकते हैं कि इस अभियान को यक़ीनन क़ामयाबी मिलेगी, जिससे लोगों को एक दूसरे से प्रेम करने के परमेश्वर के उद्देश्य को देखने में मदद मिलेगी। ऐसा हो कि यहोवा हमारी कड़ी मेहनत पर आशीष दे जब हम राज्य समाचार में दिखायी गयी दिलचस्पी को और बढ़ाएँ।