दिखायी जानेवाली चीज़ों से सिखाइए
1. पुराने ज़माने में यहोवा ने अपने सेवकों को सिखाने के लिए क्या दिखाया, और इसका उन पर क्या असर हुआ?
पुराने ज़माने में यहोवा ने दर्शन और सपने दिखाकर अपने सेवकों को ज़रूरी जानकारी दी थी। ज़रा यहेजकेल को मिले उस दर्शन के बारे में सोचिए, जिसमें यहोवा का स्वर्गीय रथ दिखाया गया था। (यहे. 1:1-28) कल्पना कीजिए कि दानिय्येल को उस वक्त कैसा महसूस हुआ होगा, जब उसे भविष्यवाणी के तौर पर एक सपने में दिखाया गया कि संसार पर कौन-कौन-सी विश्व-शक्तियाँ हुकूमत करेंगी। (दानि. 7:1-15, 28) और प्रेरित यूहन्ना को दिए गए उन सनसनीखेज़ दर्शनों का क्या, जिनमें ‘संकेतों द्वारा’ (ईज़ी-टू-रीड वर्शन) बताया गया था कि “प्रभु के दिन” में क्या-क्या घटनाएँ घटेंगी? (प्रका. 1:1, 10) यहोवा ने अपने इन सेवकों को सिखाने के लिए रंगीन और जीते-जागते, रोमांचक दृश्यों से भरे दर्शनों और सपनों का इस्तेमाल किया। उन्होंने जो देखा, वह उनके दिलो-दिमाग पर गहरी छाप छोड़ गया।
2. बाइबल की सच्चाई सिखाने के लिए क्या दिखाया जा सकता है?
2 अगर हम भी दूसरों को बाइबल की सच्चाई इस तरह सिखाना चाहते हैं कि वे इसे हमेशा याद रखें, तो हम संस्था के अँग्रज़ी वीडियो का इस्तेमाल कर सकते हैं। हमारे वीडियो कई विषयों पर बने हैं, और ये बाइबल और यहोवा के संगठन पर हमारा भरोसा बढ़ाते हैं, और मसीही सिद्धांतों को मानने का इरादा मज़बूत करते हैं। ऐसे कुछ तरीकों पर गौर कीजिए जिनसे हम वीडियो का इस्तेमाल करके दूसरों को सिखा सकते हैं। इस लेख में ऐसे कुछ वीडियो की मिसालें दी गयी हैं।
3. एक बाइबल विद्यार्थी का ध्यान संगठन की ओर खींचने के लिए आप उसे क्या दिखा सकते हैं?
3 सेवा में: क्या आप किसी बाइबल विद्यार्थी को विश्व-भर में फैले हमारे मसीही भाईचारे के बारे में अब तक सिर्फ बताते आए हैं? तो अब हमारे भाइयों की पूरी बिरादरी वीडियो उसे दिखाइए। चाहे तो आप अगले अध्ययन से पहले यह वीडियो उसे देकर, देखने को कह सकते हैं या फिर अगले किसी अध्ययन में इसे उसके साथ बैठकर देख सकते हैं। इसके बाद, जून 2002 की हमारी राज्य सेवकाई में दिए सवालों पर उसके साथ चर्चा की जा सकती है।
4. जवान साक्षी, स्कूल में सिखाने के लिए किन चीज़ों का इस्तेमाल कर सकते हैं?
4 जवानो, आप अपने टीचर से पूछ सकते हैं कि क्या आपको क्लास में ये वीडियो दिखाने की इजाज़त मिल सकती है: यहोवा के साक्षी नात्ज़ी हमले के बावजूद दृढ़ खड़े रहते हैं या सोवियत संघ में यहोवा के साक्षी—परीक्षाओं के दौर में वफादार। अपने टीचर को बताइए कि आप क्लास के साथ चर्चा करने के लिए सवालों की एक सूची भी तैयार करना चाहेंगे। इसके बाद, जून 2001 या फरवरी 2003 की हमारी राज्य सेवकाई में दिए सवालों को क्लास में इस्तेमाल करने के हिसाब से लिखकर, उन पर चर्चा कीजिए।
5. माता-पिताओं के पास पारिवारिक अध्ययन में इस्तेमाल करने के लिए क्या चीज़ उपलब्ध है?
5 परिवार और दोस्तों के साथ: माता-पिताओ, ज़रा सोचिए कि आपके बच्चों ने आखिरी बार वीडियो युवा लोग पूछते हैं—मैं सच्चे दोस्त कैसे बना सकता हूँ? कब देखा था? क्यों ना आप अगले पारिवारिक अध्ययन में एक बार फिर इसे देखें? अप्रैल 2002 की हमारी राज्य सेवकाई में दिए सवालों का इस्तेमाल करके अध्ययन के दौरान जानदार तरीके से और खुलकर चर्चा की जा सकती है।
6. आप अपने दोस्तों के साथ किस तरह से वक्त बिताने का इंतज़ाम कर सकते हैं, जिससे सबको फायदा हो?
6 क्या आप कलीसिया के कुछ दोस्तों के साथ वक्त बिताने के लिए उन्हें अपने घर बुलाना चाहते हैं? क्यों ना अपनी शाम यादगार बनाने के लिए, आप साथ बैठकर यहोवा के अधिकार का आदर कीजिए वीडियो देखें? वीडियो देखने के बाद, अगर आप सितंबर 2004 की हमारी राज्य सेवकाई में दिए सवालों को लेकर आपस में चर्चा करें, तो यह सबके लिए खासकर फायदेमंद साबित होगा।
7. आप और किन-किन मौकों पर हमारे वीडियो का इस्तेमाल कर सकते हैं?
7 दूसरे मौके: हमारे पास जो 20 अलग-अलग वीडियो हैं, उनका आप और किन तरीकों से अच्छा इस्तेमाल कर सकते हैं? जिनके साथ आप लगातार वापसी भेंट करते हैं, क्या एक या दो वीडियो दिखाने से उन्हें आध्यात्मिक तरक्की करने में मदद मिलेगी? क्या आप किसी नर्सिंग होम में या बुज़ुर्गों की देखरेख करनेवाली संस्थाओं में ये वीडियो दिखाने की पेशकश कर सकते हैं? आपके रिश्तेदार जो सच्चाई में नहीं हैं, और आपके पड़ोसी और साथ काम करनेवाले अगर हमारे वीडियो देखें, तो क्या साक्षियों के बारे में वे सही राय कायम कर पाएँगे? हमारे वीडियो लोगों पर गहरी छाप छोड़ते हैं, बढ़िया जानकारी देते हैं, और सिखाने में बेहद असरदार हैं। इसलिए सिखाने में, इन दिखाई जानेवाली चीज़ों का इस्तेमाल ज़रूर कीजिए।