बाइबल अध्ययन कैसे किया जाता है, क्या आपने इसका प्रदर्शन करके दिखाया है?
कभी-कभी जब घर-मालिक के आगे बाइबल अध्ययन की पेशकश की जाती है तो वे कहते हैं उन्हें इसमें कोई दिलचस्पी नहीं या वे अपने चर्च में पहले से बाइबल अध्ययन करते हैं। मगर शायद वे यह न जानते हों कि हमारा बाइबल अध्ययन करने का तरीका दूसरे धार्मिक समूहों से अलग है और बहुत ही मज़ेदार होता है, जिससे उन्हें काफी ज्ञान भी मिलेगा। इसलिए अध्ययन की सिर्फ पेशकश करने के बजाय, क्यों न आप कुछ समय लेकर घर-मालिक को प्रदर्शन करके दिखाइए कि बाइबल अध्ययन कैसे किया जाता है? इस बात को समझने के लिए एक मिसाल लीजिए: घर-मालिक को सिर्फ यह मत बताइए कि आप एक अच्छे बावर्ची हैं और आप अगली बार उनके लिए कुछ बनाकर लाएँगे, बल्कि उन्हें उसी वक्त कुछ ज़ायकेदार बनाकर खिलाइए! आप कैसे जनवरी 2006 की हमारी राज्य सेवकाई के पेज 6 में दिए सुझावों में से एक का इस्तेमाल करके कुछ ही मिनटों में बाइबल अध्ययन शुरू कर सकते हैं, इस बारे में गौर कीजिए:
जब आपको यह पता चल जाता है कि घर-मालिक को हमारे संदेश में वाकई दिलचस्पी है, तो आप कह सकते हैं: “क्या आपको लगता है कि ये शब्द कभी सच साबित होंगे? [यशायाह 33:24 पढ़िए और जवाब के लिए रुकिए।] मैं आपको इस विषय में कुछ दिलचस्प बात दिखाना चाहता हूँ।” घर-मालिक को बाइबल सिखाती है किताब दीजिए और फिर उसे पेज 36 पर पैराग्राफ 22 देखने के लिए कहिए। पेज के नीचे दिए सवाल को पढ़िए और घर-मालिक से कहिए कि जब आप पैराग्राफ पढ़ेंगे तो वह इसका जवाब ढूँढ़ने की कोशिश करे। पैराग्राफ पढ़ने के बाद एक बार फिर घर-मालिक से सवाल पूछिए और उसके जवाब को ध्यान से सुनिए। फिर एक दूसरी आयत पढ़िए। उस आयत पर एक सवाल पूछिए और कहिए कि इसका जवाब आप अगली भेंट में देंगे। वापसी भेंट के बारे में तय कर लीजिए। देखा आपने, बाइबल अध्ययन का प्रदर्शन करके आपने एक बाइबल अध्ययन शुरू कर दिया!