पीछे मत हटिए—व्यस्त होने के बावजूद समय निकालिए
1. कुछ लोग बाइबल अध्ययन की पेशकश करने से क्यों हिचकिचाते हैं?
कुछ लोग बाइबल अध्ययन की पेशकश करने से हिचकिचाते हैं क्योंकि वे बहुत व्यस्त रहते हैं। बाइबल अध्ययन चलाने में बहुत कुछ शामिल है, जैसे अध्ययन के लिए तैयारी करना, अध्ययन अच्छी तरह चलाना और अगर विद्यार्थी को कोई समस्या है तो उसकी मदद करना। और इन सबमें वक्त लगता है। प्रेषित पौलुस ने बताया कि उसने थिस्सलुनीके के लोगों को यहोवा के बारे में सिखाने में अपनी जान तक लगा दी थी। (1 थिस्स. 2:7, 8) हम व्यस्त होते हुए भी कैसे बाइबल अध्ययन चला सकते हैं?
2. हम यहोवा से प्यार करते हैं, इसलिए हम अपने समय का कैसे इस्तेमाल करेंगे?
2 उपासना में समय लगता है: सच्चाई यह है कि उपासना में समय लगता है। उदाहरण के लिए, हम बिना नागा सभाओं में हाज़िर होने, प्रचार में हिस्सा लेने, बाइबल पढ़ने और प्रार्थना करने के लिए वक्त निकालते हैं। एक शादीशुदा इंसान चाहे कितना भी व्यस्त क्यों न हो, वह खुशी-खुशी अपने जीवन-साथी के लिए वक्त ज़रूर निकालता है। तो क्या हमें और भी खुशी के साथ यहोवा की उपासना करने के लिए “वक्त को खरीद” नहीं लेना चाहिए, क्योंकि हम उससे प्यार करते हैं? (इफि. 5:15-17, फुटनोट; 1 यूह. 5:3) यीशु ने कहा कि चेले बनाने का काम, हमारी उपासना का एक मुख्य भाग है। (मत्ती 28:19, 20) अगर हम इन बातों पर मनन करें, तो हम बाइबल अध्ययन चलाने की ज़िम्मेदारी उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।
3. अगर हम अपने हालात की वजह से मसीही सेवा में ज़्यादा वक्त नहीं बिता पाते तब भी हम कैसे बाइबल अध्ययन चला सकते हैं?
3 लेकिन तब क्या जब हमें नौकरी करनी पड़ती है, कोई बड़ी बीमारी है या हमें मसीही सेवा से जुड़ी कुछ ज़िम्मेदारियाँ दी जाती हैं? कुछ प्रचारक जिन्हें बार-बार शहर से बाहर जाना पड़ता है, वे अपना बाइबल अध्ययन फोन पर या इंटरनेट के ज़रिए चलाते हैं। जिन भाई-बहनों को सेहत से जुड़ी गंभीर समस्याएँ हैं, वे अध्ययन के लिए विद्यार्थी को अपने घर पर बुलाते हैं। कुछ भाई-बहन ऐसे प्रचारकों को बोलकर रखते हैं जिन्हें वे जानते हैं कि वे उनकी गैर-हाज़िरी में अध्ययन के लिए ज़रूर जाएँगे।
4. बाइबल अध्ययन चलाने से हमें क्या आशीषें मिलती हैं?
4 पौलुस को दूसरों को सच्चाई सिखाने में अपना वक्त और ताकत लगाने में बहुत खुशी मिलती थी। (प्रेषि. 20:35) जब उसने थिस्सलुनीके के उन लोगों के बारे में सोचा जिनकी उसने मदद की, तो वह यहोवा को धन्यवाद किए बगैर नहीं रह पाया। (1 थिस्स. 1:2) अगर हम व्यस्त रहने के बावजूद बाइबल अध्ययन चलाने के लिए समय निकालें, तो सेवा में हमें और भी खुशी और संतोष मिलेगा।