तरक्की करनेवाले बाइबल अध्ययन चलाना—विद्यार्थियों का ध्यान संगठन की तरफ खींचना
1. हर हफ्ते बाइबल अध्ययन में विद्यार्थी को यहोवा के संगठन के बारे में कुछ सिखाना क्यों फायदेमंद है?
बाइबल अध्ययन चलाने का हमारा मकसद सिर्फ विद्यार्थियों को बाइबल की शिक्षाएँ सिखाना नहीं है, बल्कि उन्हें मसीही मंडली का हिस्सा बनने में मदद देना भी है। (जक. 8:23) ऐसा करने में यहोवा के साक्षी—वे कौन हैं? उनके विश्वास क्या हैं? ब्रोशर से हमें काफी मदद मिल सकती है। अपने नए बाइबल विद्यार्थियों को इसकी एक कॉपी दीजिए और इसे पढ़ने का उन्हें बढ़ावा दीजिए। इसके अलावा, हर हफ्ते अध्ययन के दौरान थोड़ा वक्त निकालकर विद्यार्थी को यहोवा के संगठन के बारे में कुछ बताइए।
2. मंडली की सभाओं में आने के लिए आप अपने बाइबल विद्यार्थी को कैसे बढ़ावा दे सकते हैं?
2 मंडली की सभाएँ: बाइबल विद्यार्थियों के दिल में परमेश्वर के संगठन के लिए खास तौर से कदरदानी तब बढ़ती है, जब वे मंडली की सभाओं में हमारे साथ मेल-जोल रखना शुरू करते हैं। (1 कुरिं. 14:24, 25) इसके लिए आप उन्हें हफ्ते में होनेवाली पाँच सभाओं के बारे में एक-एक करके बता सकते हैं। उन्हें अगले जन भाषण का शीर्षक बताइए। उन्हें दिखाइए कि प्रहरीदुर्ग अध्ययन और मंडली के बाइबल अध्ययन में किस जानकारी पर चर्चा की जाएगी। परमेश्वर की सेवा स्कूल और सेवा सभा के बारे में उन्हें समझाइए। जब सेवा स्कूल में आपका कोई भाग हो, तो चाहें तो आप अपने विद्यार्थी के सामने रिहर्सल कर सकते हैं। सभाओं में जो बेहतरीन मुद्दे पेश किए जाते हैं, वे उन्हें बताइए। हमारे साहित्य में दी गयी तसवीरों का इस्तेमाल करके उन्हें यह कल्पना करने में मदद दीजिए कि सभाएँ किस तरह चलायी जाती हैं। पहले अध्ययन से ही उन्हें सभाओं में आने का न्यौता दीजिए।
3. संगठन से जुड़ी किन बातों की हम चर्चा कर सकते हैं?
3 जब स्मारक, सम्मेलन, अधिवेशन और सर्किट निगरान का दौरा करीब आता है, तो थोड़ा समय निकालकर इन इंतज़ामों के बारे में विद्यार्थियों को समझाइए और हाज़िर होने के लिए उनमें जोश पैदा कीजिए। एक-एक करके इन सवालों का जवाब दीजिए: हम यहोवा के साक्षी क्यों कहलाते हैं? हम अपनी सभा की जगहों को राज-घर क्यों कहते हैं? प्राचीनों और सहायक सेवकों की क्या ज़िम्मेदारियाँ हैं? प्रचार के काम और इलाके को कैसे संगठित किया जाता है? हमारा साहित्य कैसे तैयार होता है? संगठन का खर्च कैसे चलता है? संगठन के कामों की निगरानी करने में शाखा दफ्तर और शासी निकाय क्या भूमिका अदा करते हैं?
4, 5. हमारे वीडियो कैसे संगठन के लिए कदरदानी बढ़ा सकते हैं?
4 संगठन के बारे में वीडियो: बाइबल विद्यार्थियों को यहोवा के लाजवाब संगठन के बारे में सिखाने का एक और तरीका है उन्हें इस बारे में वीडियो दिखाना। ये अँग्रेज़ी वीडियो उन्हें पृथ्वी की छोर तक ले जाकर हमारे भाइयों की पूरी बिरादरी से उनकी जान-पहचान करा सकते हैं और वे खुद अपनी आँखों से देख सकते हैं कि हम कैसे ईश्वरीय शिक्षा से एक किए गए हैं। एक स्त्री पाँच साल से लगातार हमारी पत्रिकाएँ और दूसरे साहित्य ले रही थी। मगर जब उसने यहोवा के साक्षी—उस नाम के पीछे का संगठन वीडियो देखा तो यह उसके दिल को इस कदर छू गया कि वह अपने आँसू नहीं रोक पायी। जो साक्षी उससे लगातार मिलने आते थे, उन पर उसने भरोसा करना तो सीखा ही था मगर वीडियो देखने के बाद उसे लगा कि हाँ, वह संगठन पर भी भरोसा कर सकती है। उसके साथ बाइबल अध्ययन शुरू किया गया और अगले ही हफ्ते वह राज-घर में सभा के लिए आयी।
5 अगर हम हर हफ्ते थोड़ा समय निकालकर अपने विद्यार्थियों से संगठन के बारे में बात करें, साथ ही साहित्य और दूसरे तरीकों का इस्तेमाल करें तो हम धीरे-धीरे उनका ध्यान उस एकमात्र संगठन की तरफ खींच सकते हैं जिसे आज यहोवा इस्तेमाल कर रहा है।